Shimla News: राजधानी शिमला के बाजारों में अतिक्रमण हटाने के दौरान मंगलवार को लक्कड़ बाजार में जोरदार हंगामा देखने को मिला। नगर निगम की टीम जब नो वेंडिंग जोन से अवैध तहबाजारियों का सामान जब्त करने पहुंची, तो विरोध में एक महिला सीधे निगम की गाड़ी के नीचे लेट गई।
कार्रवाई के विरोध में महिला का कहना था कि निगम प्रशासन उनकी रोजी-रोटी छीनकर उन्हें उजाड़ रहा है। रोते-बिलखते हुए महिला पहले निगम के वाहन के आगे खड़ी हुई और फिर अचानक उसके नीचे जा घुसी। इस अप्रत्याशित कदम से मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिला को गाड़ी से निकाला बाहर
निगम कर्मचारियों ने सरकारी काम में रुकावट डालने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, लेकिन महिला हटने को तैयार नहीं हुई। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत और समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद वाहन रवाना हो सका।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी कार्रवाई कोर्ट के कड़े दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है। रिज मैदान, लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी मार्ग को पूरी तरह नो वेंडिंग जोन बनाया गया है। बार-बार मना करने के बावजूद तहबाजारी प्रतिबंधित जगहों पर दुकानें लगा रहे हैं।
चिन्हित वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाने की सख्त हिदायत
अधिकारियों ने बताया कि लक्कड़ बाजार और लोअर बाजार में दुकानों के बाहर सामान सजाने की बिल्कुल अनुमति नहीं है। वेंडर्स को सिर्फ प्रशासन द्वारा तय किए गए चिन्हित स्थानों पर ही बैठने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों का सामान आगे भी इसी तरह जब्त किया जाएगा।