Chamba News: चंबा जिले की कुड्डी पंचायत के भुगनार गांव में कूहल के पास 37 वर्षीय युवक अमित कुमार का शव संदिग्ध हालात में मिला है। पुलिस और नूरपुर से आई फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए रात में साथ रहे लोगों से पूछताछ और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में 37 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले की ग्राम पंचायत कुड्डी के भुगनार गांव में कूहल के पास की है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय अमित कुमार, पुत्र सुशील कुमार के रूप में की गई है। शनिवार को भुगनार गांव में कूहल में अमित कुमार का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।
फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद नूरपुर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के ससुर अजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में हत्या का संदेह जताया और कहा कि घटना वाली रात अमित कुमार जिन लोगों के साथ मौजूद था, उन सभी से सख्ती से पूछताछ की जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की है कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करे और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। शव मिलने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।