Shimla News: शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में फरार मुख्य आरोपी युगराज को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपी के अंतरराज्यीय नेटवर्क, सप्लाई स्रोत और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटी-जुन्गा क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान युगराज पुत्र प्यार चंद, निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के रूप में हुई है।
वह 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
16 अक्टूबर को बालूगंज थाने में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, यह मामला 15 और 16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि का है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे से चिट्टे की सप्लाई की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कमरे में दबिश दी और वहां मौजूद महिला हीना के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस संबंध में 16 अक्टूबर को बालूगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अंतरराज्यीय संपर्क और नेटवर्क की जांच
जांच के दौरान युगराज की भूमिका मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आई। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब के मुकेरियां में छिपा हुआ था। स्पेशल सेल ने लगातार तलाश के बाद उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करों से संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है। उसका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पुलिस के अनुसार, वह मोहाली में दर्ज एक मामले में 20 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के बाद गिरफ्तार हो चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से चिट्टे की सप्लाई के स्रोत, शिमला में उसके संपर्कों और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पंजाब से नशे की खेप कहां से लाई जाती थी और शिमला के किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।