राजा रघुवंशी हत्याकांड: मां ने मेरठ ब्लू ड्रम केस का हवाला देकर सोनम समेत सभी आरोपियों के लिए मांगी फांसी

Share

- Advertisement -

Indore News: मृतक राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने मुख्य आरोपी बहू सोनम रघुवंशी और पांच अन्य सह-आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की है। उन्होंने मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम मर्डर केस का हवाला देते हुए सरकार और अदालत से मामले में जल्द फैसला सुनाकर न्याय देने की पुरजोर गुहार लगाई है।

उमा रघुवंशी ने कहा कि जिस तरह मेरठ में अदालत ने सख्त फैसला सुनाया, उसी तरह उनके बेटे के हत्यारों को भी फांसी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोनम ने सोची-समझी साजिश के तहत उनके बेटे की जान ली। जब तक हत्या करने वालों और मदद करने वाले सभी दोषियों को फांसी नहीं मिलती, तब तक उन्हें शांति नहीं मिलेगी।

मेरठ ब्लू ड्रम हत्याकांड के फैसले का दिया उदाहरण

मेरठ की अदालत ने हाल ही में ब्लू ड्रम केस में पूर्व मर्चेंट नेवी अफसर सौरभ राजपूत की हत्या के जुर्म में पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा सुनाई है। इस जघन्य वारदात में शव के टुकड़े कर सीमेंट से भरे ड्रम में छिपा दिए गए थे। कोर्ट ने इसे ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ मामला माना था।

उमा रघुवंशी ने कहा कि जिस तरह सौरभ की मां को अदालत से न्याय मिला, उसी तरह वह भी अपने बेटे के लिए इंसाफ का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने प्रशासन और न्यायपालिका से अपील की कि राजा मर्डर केस की सुनवाई भी तेजी से पूरी की जाए और मेरठ केस की तरह ही सभी छह आरोपियों को सख्त सजा मिले।

हनीमून के दौरान मेघालय में खाई में मिला था शव

इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की शादी के बाद वह पत्नी सोनम के साथ मेघालय हनीमून मनाने गए थे। 2 जून 2025 को सोहरा यानी चेरापूंजी के पास एक गहरी खाई से राजा का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद सोनम लापता हो गई थी, जिसे बाद में यूपी के वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर ढाबे के पास से पकड़ा गया।

मेघालय पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी इस पूरे हत्याकांड की जांच कर रही है। पुलिस टीम ने सोहरा के घटना स्थल पर आरोपी सोनम और तीन अन्य लोगों की मौजूदगी में पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट भी किया था। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ पुख्ता कानूनी सबूत जुटाए हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News