Pune News: पुणे के शिवाजीनगर जिला अदालत के बाहर बुधवार दोपहर हत्या के आरोपी मंदार मारुति किवले पर छह से सात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर गोली मार दी। हमलावरों ने उसके हाथ काट दिए और दो स्कूटरों पर सवार होकर फरार हो गए। किवले चार दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था।
हमला अदालत परिसर के गेट नंबर 4 के बाहर दोपहर करीब 1 बजे हुआ। किवले पेशी के लिए अदालत पहुंचा था। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दो लोग किवले पर धारदार हथियार से बार-बार वार करते दिख रहे हैं। इसके बाद हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर भाग गए। पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल और जिंदा कारतूसों वाली एक मैगजीन बरामद की है।
हमले में किवले की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक वह शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। चव्हाण की 20 अप्रैल 2025 को पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर हत्या हुई थी। पुलिस का कहना है कि किवले और उसके साथियों ने चव्हाण को स्टंप और बांस की छड़ों से पीट-पीटकर मार डाला था।
चार दिन पहले ही जमानत पर छूटा था
किवले को चव्हाण हत्याकांड में मुख्य आरोपी अमर साकोरे और उसके साथियों गिरीश सुभाष बाबरे और योगेश बाबूराव डोरे के साथ गिरफ्तार किया गया था। वह चार दिन पहले शनिवार को जमानत पर जेल से बाहर आया था और बुधवार को कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत पहुंचा था। पुलिस इस हमले के पीछे 2025 की हत्या का बदला लेने की आशंका जता रही है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर एक सुजुकी एक्सेस और एक होंडा एक्टिवा पर सवार थे, एक पर चार और दूसरे पर तीन लोग थे। भास्कर अपडेट्स के मुताबिक अदालत को दो दिन पहले बम की धमकी भी मिली थी।
सुप्रिया सुले ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि अदालत आम लोगों के लिए न्याय का मंदिर है और अगर उसी की दहलीज पर दिनदहाड़े खून बह रहा है तो पुणे के आम लोग किसकी ओर देखें। उन्होंने कहा कि पुणे में कोयता गैंग के आतंक, गोलीबारी, सड़क पर हत्या और महिलाओं के खिलाफ हिंसा में भारी बढ़ोतरी हुई है।
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे पुलिस आयुक्त से बात कर घटना की जानकारी ली है और हमलावरों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।