हिमाचल पटवारी भर्ती परीक्षा में नकल का मामला, नेरचौक केंद्र पर महिला अभ्यर्थी से मिला मोबाइल फोन

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (हमीरपुर) द्वारा मंगलवार को आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा (पोस्ट कोड 25027) में अनुचित साधनों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। मंडी जिले के नेरचौक स्थित विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परीक्षा केंद्र पर दूसरी शिफ्ट के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बल्ह थाना पुलिस ने केंद्र प्रबंधन की शिकायत पर आरोपी अभ्यर्थी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंडी जिले के नेरचौक स्थित विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को दूसरी शिफ्ट में पटवारी भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान सरकाघाट निवासी महिला अभ्यर्थी राजिका की गतिविधियां परीक्षा केंद्र प्रबंधन को संदिग्ध लगीं। संदेह होने पर प्रबंधन ने परीक्षा कक्ष की सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज खंगालने पर कक्ष के भीतर अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम

घटना की पुष्टि होने के बाद परीक्षा केंद्र के प्रतिनिधियों ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत बल्ह थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला अभ्यर्थी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा केंद्र की सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया गया है।

परीक्षा की पारदर्शिता और स्टाफ की भूमिका पर नजर

परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल फोन पहुंचने की इस घटना ने परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टाफ की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News