Panchkula News: पिंजौर में मोबाइल स्नैचिंग के लगभग तीन साल पुराने मामले में युवक को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया। शिकायतकर्ता और वारदात के चश्मदीद गवाह ने अदालत में आरोपित को पहचानने से इनकार कर दिया, जबकि पुलिस ने आरोपित से मोबाइल फोन और बाइक बरामद करने का दावा किया था। आरोपित युवक पानीपत का है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पिंजौर में मोबाइल स्नैचिंग के लगभग तीन साल पुराने मामले में आरोपित युवक को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया। शिकायतकर्ता और वारदात के चश्मदीद गवाह ने अदालत में आरोपित को पहचानने से इनकार कर दिया।
दोनों ने कहा कि आरोपित ने उनसे मोबाइल नहीं छीना और वे उसे पहली बार देख रहे हैं। ऐसे में अदालत ने आरोपित 22 वर्षीय युवक को बरी कर दिया। आरोपित युवक पानीपत का रहने वाला है।
दर्ज मामले के अनुसार 21 फरवरी 2024 को दोपहर करीब 2:30 बजे शिकायतकर्ता सत्यवान अपने साथी अक्षय के साथ पैदल एचएमटी की ओर जा रहा था। वह अक्षय का मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान पुराने बस स्टैंड के पास बाइक पर आए तीन युवकों में से दो ने उसे पकड़ लिया और तीसरे ने अक्षय का मोबाइल छीन लिया। गुप्त सूचना के आधार पर 23 फरवरी को कश्मीर कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उससे मोबाइल फोन और बाइक बरामद करने का दावा किया था।