Kanpur News: कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में दो दिन पहले आम के बाग में मिली 25 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के 6 महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के दो युवकों से संबंध थे। इनमें एक आरोपी 50 वर्षीय गोलू पांडे और दूसरा 28 वर्षीय प्रांजल है। गर्भवती होने के बाद युवती लगातार दोनों पर शादी करने और बच्चे को अपनाने का दबाव बना रही थी। दोनों में से कोई भी इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
तनाव में घर से लापता हुई थी युवती
गर्भावस्था के कारण युवती भारी मानसिक तनाव में थी और गांव के लोगों से बचकर रह रही थी। इसी दौरान वह अचानक घर से लापता हो गई और अगले दिन उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डीएनए रिपोर्ट बनेगी मामले की अहम कड़ी
घाटमपुर पुलिस के अनुसार मौत का सही कारण जानने के लिए बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गर्भ में पल रहे भ्रूण का सैंपल दोनों आरोपियों के डीएनए से मिलाया जाएगा, जिससे कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।