गाजियाबाद: जिम संचालक के प्रेम में अंधी पत्नी ने रची थी पति की हत्या की साजिश, आरोपी प्रेमिका और प्रेमी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में पत्नी द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है। जानलेवा हमले में पति बाल-बाल बच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी और उसके जिम संचालक प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम अंतर्गत वसुंधरा सेक्टर-1 में केंद्र सरकार के प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मी पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हमले की साजिश किसी और ने नहीं बल्कि पीड़ित की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। योजनाबद्ध तरीके से किए गए इस चाकू हमले में पीड़ित की जान बच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मूलरूप से झांसी निवासी शशांक कंथोरिया केंद्र सरकार के एक उपक्रम में कार्यरत हैं और परिवार सहित वसुंधरा सेक्टर-1 में रहते हैं। उनकी पत्नी प्रिया शर्मा भी केंद्र सरकार के ही एक विभाग में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर तैनात है। बीते दिनों शशांक पर घर के अंदर एक नकाबपोश ने चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले के बाद शशांक ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी।

सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों ने खोला राज

प्राथमिकी दर्ज कर जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की, तो शक की सुई शशांक की पत्नी प्रिया की तरफ घूमी। पुलिस ने जब प्रिया से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह शुरुआत में गुमराह करने लगी। हालांकि, पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य सामने रखने पर उसने पूरी साजिश स्वीकार कर ली।

पूछताछ में प्रिया ने बताया कि वह नियमित रूप से जिम जाती थी, जहां उसकी पहचान जिम संचालक प्रभात से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक साथ रहना चाहते थे।

घर से निकलते ही प्रेमी को भेजा था अंदर

प्रिया ने पुलिस को बताया कि दोनों के रिश्ते के बीच पति शशांक आड़े आ रहा था, जिसके चलते दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। साजिश के तहत तय समय पर प्रिया किसी काम का बहाना बनाकर घर से बाहर निकली।

उसके निकलते ही करीब दो मिनट बाद प्रभात चेहरे पर मास्क लगाकर घर के भीतर दाखिल हुआ और उसने सीधे शशांक पर चाकू से वार कर दिया। सतर्कता दिखाते हुए शशांक ने खुद को बचा लिया और हमले में उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। वार खाली जाते देख प्रभात घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Read more

Related News