Jammu News: संसद और पुलवामा हमले में लिप्त जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी गुलाम जम्मू कश्मीर के रावलाकोट में मौजूद हैं। यह खुलासा जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने भाषण में किया है। उन्होंने कबूल किया कि उनका जिहाद सिर्फ हिंदुस्तान के खिलाफ है।
उन्होंने पाकिस्तानी सरकार, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और गुलाम जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान विरोधी आंदोलन का संचालन कर रही जायंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्थता की बात भी कबूली। उन्होंने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हमारा कैडर भी गुलाम जम्मू कश्मीर में जारी आंदोलन में शामिल है, लेकिन किसी ने भी पाकिस्तानी फौज पर हमला नहीं किया है।
पाकिस्तान सरकार के साथ की बैठक
मसूद ने दावा किया कि जैश-ए-मोहम्मद का रावलकोट में आतंकी ढांचा सक्रिय है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके कुछ जिहादी कैडर जो हथियारबंद हैं, उसी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं जो जायंट अवामी एक्शन कमेटी के विरोध प्रदर्शनों में शामिल हैं।
उसने बताया कि मुजफ्फराबाद और रावलकोट में हो रहे विरोध प्रदर्शनों में जैश के कैडर की भागीदारी को लेकर उपजी स्थिति को स्पष्ट करने के लिए पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
उल्लेखनीय है कि दैनिक जागरण ने अगस्त, 2026 में ही बताया था कि जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी को गुलाम जम्मू कश्मीर में आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए पाकिस्तान सरकार ने मध्यस्थ बनाया है।
भाषण में मसूद ने पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि सत्ता के गलियारों में बैठे लोगों ने एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों को मारने का फैसला कर लिया है।
‘हमारा जिहाद हिंदुस्तान के खिलाफ’
उसने सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उसका आरोप था कि एजेंसियां पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने में नाकाम रही हैं। उसने अशांति के दौरान रेंजर्स कर्मियों की हत्या में शामिल लोगों की पहचान को लेकर भी सवाल खड़े किए और कहा कि हमने संबंधित लोगों से कहा कि वह हमारे संगठन से जुड़े किसी एक शख्स का नाम बताएं जो इसमें शामिल हो, लेकिन हमें जो नाम दिए गए वह सभी लोग धरने में बैठे हैं।
उसने कहा कि हमारा कैडर इसलिए धरनों में शामिल है, क्योंकि वह गुलाम जम्मू कश्मीर का ही है, लेकिन हमारा कैडर जानता है कि हमारा जिहाद सिर्फ हिंदुस्तान के खिलाफ है, हमें कश्मीर जिहाद को कामयाब बनाना है।
आतंकी नेटवर्क को फिर खड़ा करने की कोशिश
इस बीच, एक अन्य सूचना के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठनों और उनके छद्म संगठनों पर सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के बीच पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा निष्क्रिय आतंकी संगठनों को दोबारा सक्रिय करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
खुफिया इनपुट के अनुसार, इसके तहत पुराने आतंकी संगठनों के पूर्व सदस्यों से संपर्क कर उनके नेटवर्क को फिर खड़ा करने की कोशिश की जा सकती है।
खुफिया आकलनों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में कभी सक्रिय रहे 19 आतंकी संगठनों में से दो कश्मीर जिहाद फोर्स (केजेएफ) और तहरीक-ए-जिहाद (टीइजे) जो पूरी तरह निष्क्रिय हैं, के पुराने सदस्यों और स्थानीय नेटवर्क और अनुभव का इस्तेमाल नए आतंकियों की भर्ती में किया जा सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि छोटे और निष्क्रिय संगठनों को दोबारा खड़ा कर आतंकी गतिविधियों के पीछे वास्तविक संगठनों की पहचान और उनके आपसी संबंधों की जांच को जटिल बनाने की कोशिश हो सकती है।