हमीरपुर के कृष्णानगर में किराये के कमरे से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद, पंजाब का युवक गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर के कृष्णानगर में एक किराये के कमरे से 30.43 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की है। इस मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी युवक को मौके पर गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर किराये के कमरे में छापा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 11 अक्टूबर को नशा तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कृष्णानगर स्थित किराये के कमरे में तुरंत छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से 30.43 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत सील कर कब्जे में ले लिया।

अमृतसर के रहने वाले आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट में केस

पकड़े गए आरोपी की पहचान अमृतसर के मकबूलपुरा निवासी आकाश दीप सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किसे बेची जानी थी।

जिले में नशे के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई जारी: एसपी

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने पूरी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष अभियान जारी है। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News