ग्रेटर नोएडा में प्रेमिका से बात करने पर सहकर्मी की ब्लेड से रेतकर हत्या, आरोपी पुलिस हिरासत में

Share

- Advertisement -

Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सिरसा गोलचक्कर के पास गुरुवार रात प्रेम-प्रसंग के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। सहकर्मी ने अपनी प्रेमिका से बातचीत करने से नाराज होकर कपड़ा काटने वाले ब्लेड से हमला कर दिया। कासना कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

बीयर पीने के दौरान प्रेमिका को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार बरेली निवासी 32 वर्षीय सुरेश कासना इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी में काम करता था। इसी कंपनी में रबूपुरा निवासी नरेश और बुलंदशहर की एक महिला भी कार्यरत हैं। महिला सुरेश के पड़ोस में किराए पर रहती है, जिससे नरेश का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हाल ही में सुरेश और महिला की बातचीत शुरू होने से नरेश बेहद नाराज था।

अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को घोषित किया मृत

गुरुवार रात सिरसा गोलचक्कर के पास सुरेश और नरेश बीयर पीते समय आपस में बातचीत कर रहे थे। प्रेमिका से दूरी बनाने की बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर नरेश ने कपड़े काटने वाले ब्लेड से हमला कर दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया।

शादीशुदा थे तीनों, परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुरेश, आरोपी नरेश और महिला तीनों शादीशुदा हैं। हालांकि महिला का पति से तलाक हो चुका है और वह अपने बच्चों के साथ अलग रहती है। एसीपी डॉ. रवि शंकर ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News