Cyber Crime Alert: रक्षाबंधन के त्योहार के चलते ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर ऑफर्स की बहार आ गई है। बड़ी छूट की उम्मीद में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि भारी डिस्काउंट के चक्कर में साइबर ठगी का खतरा भी काफी बढ़ गया है। साइबर सेल ने ग्राहकों को फर्जी लिंक्स और नकली वेबसाइट्स से सावधान रहने की सलाह दी है।
कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए 40 से 50 प्रतिशत तक की छूट और जीरो प्रतिशत ब्याज पर लोन जैसे ऑफर दे रही हैं। साइबर अपराधी इसी बात का फायदा उठा रहे हैं। वे असली कंपनियों जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट्स और लिंक्स बनाकर लोगों की गोपनीय बैंकिंग जानकारी चुरा रहे हैं। एक गलत क्लिक से बैंक खाता खाली हो सकता है।
बचाव के लिए साइबर सेल ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि किसी भी ऑफर को स्वीकार करने से पहले संबंधित कंपनी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज की जांच जरूर करें। यदि कोई संदेह हो, तो पास के शोरूम या स्टोर पर जाकर ऑफलाइन और ऑनलाइन दामों की तुलना कर लें।