विशेष उर्वरकों के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एसएफआईए ने चीन की सीसीपीआईटी केम से किया समझौता

Share

- Advertisement -

New Delhi News: भारत के सॉल्युबल फर्टिलाइजर इंडस्ट्री एसोसिएशन (एसएफआईए) ने विशेष उर्वरकों और संबंधित कृषि उत्पादों में द्विपक्षीय व्यापार व औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के लिए चीन की सीसीपीआईटी केम के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। यह समझौता 18 से 22 नवंबर तक चीन की यात्रा पर गए एसएफआईए प्रतिनिधिमंडल के दौरान हुआ।

एसएफआईए ने मंगलवार को बताया कि उसने चीन की रासायनिक उद्योग उप-परिषद सीसीपीआईटी केम के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इस साझेदारी का उद्देश्य विशेष उर्वरकों और संबंधित कृषि उत्पादों में द्विपक्षीय व्यापार और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देना है। समझौते पर 18 से 22 नवंबर के बीच चीन गए एसएफआईए प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान हस्ताक्षर किए गए। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसएफआईए के अध्यक्ष राजीव चक्रवर्ती ने किया।

किन क्षेत्रों में होगा सहयोग

इस साझेदारी के तहत बाजार तक पहुंच, व्यापार सुविधा, तकनीकी जानकारी का आदान-प्रदान, संयुक्त उद्योग कार्यक्रम और नवाचार व टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा। एसएफआईए ने बताया कि यह साझेदारी सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान, व्यापार प्रतिनिधिमंडलों और कारोबार-से-कारोबार बैठकों के आयोजन तथा उद्योग मानकों और नियामकीय बदलावों पर तालमेल में भी मदद करेगी।

चीन दुनिया के सबसे बड़े उर्वरक उत्पादक और निर्यातक देशों में से एक है। एसएफआईए के अध्यक्ष राजीव चक्रवर्ती ने कहा कि सीसीपीआईटी केम के साथ यह साझेदारी विशेष उर्वरक क्षेत्र में भारत-चीन सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय निर्माताओं, निर्यातकों और कृषि उत्पाद कंपनियों को चीनी कंपनियों के साथ जुड़ने, नई तकनीकों तक पहुंचने और टिकाऊ कृषि प्रथाओं में योगदान का नया अवसर मिलेगा।

चक्रवर्ती ने कहा कि यह साझेदारी व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगी, निवेश और तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहित करेगी और कुशल व पर्यावरण अनुकूल फसल पोषण समाधानों की बढ़ती मांग के बीच भारत के विशेष उर्वरक उद्योग के विकास में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन निकट भविष्य में चीन के उद्योग प्रतिनिधिमंडल की भारत में मेजबानी करने और समझौते को ठोस कारोबारी नतीजों में बदलने के लिए सीसीपीआईटी केम के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद करता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के किसानों के लाभ के लिए शोध, उत्पाद विकास और क्षमता निर्माण में सहयोग की मजबूत संभावना है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News