Kullu News: हिमाचल प्रदेश की कुल्लू घाटी में जापानी फल (पर्सिमन) की खेती अब बागवानों के लिए कम लागत में बेहतर आमदनी का एक मजबूत विकल्प बनती जा रही है। कुल्लू की पतलीकूहल सब्जी मंडी में इन दिनों जापानी फल 100 से 180 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। मंडी में फसल के अच्छे दाम मिलने से क्षेत्र के बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं।
सेब की खेती में लगातार बढ़ते खर्च और अधिक मेहनत के बीच अब बागवानों का रुझान तेजी से जापानी फल की ओर बढ़ रहा है। स्थानीय बागवानों का कहना है कि सेब की फसल तैयार करने के लिए साल भर में कई बार महंगी दवाओं का छिड़काव करना पड़ता है। इसके अलावा खाद, मजदूरी और अन्य बागवानी कार्यों पर भी भारी खर्च आता है। इसके मुकाबले जापानी फल की खेती में लागत काफी कम आ रही है, जिसके चलते बागवान इसे अतिरिक्त आय के एक बेहतर साधन के रूप में अपना रहे हैं। दवाओं के कम छिड़काव के कारण बाजार में इस फल को लगभग जैविक तरीके से तैयार होने वाले उत्पाद के रूप में भी खास पहचान मिल रही है।
पौधों में दिखने लगे बीमारियों के शुरुआती लक्षण
एक ओर जहां जापानी फल का रकबा और उत्पादन बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अब इसके पौधों में बीमारियों के लक्षण भी सामने आने लगे हैं। बागवानों के अनुसार, कुछ पौधों के पत्तों के आसपास कालिख जैसी परत दिखाई दे रही है। इस समस्या के कारण बागवानों को भविष्य में फल की गुणवत्ता और कुल उत्पादन प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।
उद्यान विभाग से वैज्ञानिक स्प्रे शेड्यूल जारी करने की मांग
बढ़ती बीमारी की आशंका को देखते हुए कुल्लू फलोत्पादक मंडल के पूर्व महामंत्री राजीव ठाकुर ने उद्यान विभाग से जापानी फल के लिए एक वैज्ञानिक स्प्रे शेड्यूल तैयार करने की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह उद्यान विभाग सेब की फसल के लिए समय-समय पर छिड़काव कार्यक्रम जारी करता है, उसी तर्ज पर जापानी फल के लिए भी विशेषज्ञों की सलाह से दवाइयों के इस्तेमाल का समय निर्धारित होना चाहिए। इससे बागवानों को समय रहते बीमारियों से बचाव करने और बेहतर उत्पादन हासिल करने में मदद मिलेगी। दूसरी ओर, उद्यान विभाग कुल्लू के उपनिदेशक राज कुमार ने बताया कि अभी तक जापानी फल के लिए विभाग की ओर से कोई आधिकारिक स्प्रे शेड्यूल जारी नहीं किया गया है, हालांकि भविष्य में इसे तैयार करने की संभावना है।