New Delhi News: नमो भारत ट्रेन से सफर करने वालों के लिए टिकट की वैधता जानना जरूरी है, क्योंकि समय निकलने पर टिकट अमान्य हो जाता है और पेनल्टी देनी पड़ सकती है। सिंगल यात्रा टिकट खरीदने के बाद दो घंटे के भीतर स्टेशन में प्रवेश करना होता है, जबकि एनसीएमसी कार्ड पर ट्रिप पास की वैधता अलग-अलग होती है।
तीन तरीके से खरीद सकते हैं टिकट
नमो भारत ट्रेन में यात्रा करने के लिए आप तीन तरह से टिकट खरीद सकते हैं। सबसे पहले तो आप अपनी यात्रा के अनुसार, खिड़की पर जाकर टिकट खरीद सकते हैं। इसके अलावा आप मेट्रो कार्ड (एनसीएमसी कार्ड) में रिचार्ज कराकर भी अपनी यात्रा कर सकते हैं। इन दोनों ऑप्शन के अलावा आप नमो भारत ऐप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, हालांकि इसके लिए आपको अपने मोबाइल में नमो भारत ऐप इंस्टॉल करना होगा।
2 घंटे के भीतर करें यात्रा
नमो भारत ट्रेन में यात्रा करने के लिए भले ही आपने किसी भी माध्यम से टिकट लिया हो, तीनों तरह के टिकटों पर एक जैसा नियम ही लागू होगा। अगर आपने यात्रा करने के लिए टिकट खरीद लिया है तो आपको 2 घंटे के भीतर अपनी यात्रा शुरू करनी होगी। मतलब टिकट खरीदने के बाद 2 घंटे के भीतर मेट्रो स्टेशन में प्रवेश करना होगा।
अगर आप 2 घंटे के भीतर मेट्रो स्टेशन नहीं पहुंचे तो आपके टिकट की वैलिडिटी खत्म हो जाएगी और आपका टिकट अमान्य हो जाएगा। फिर आपको उस टिकट पर यात्रा करने के लिए पेनल्टी देनी होगी। यह पेनल्टी आपको घंटों की देरी के हिसाब से देनी होगी। एक घंटे की देरी के लिए 10 रुपये की पेनल्टी का प्रावधान है।
ट्रिप पास की भी सुविधा
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ समय पहले ही एक नया नियम लागू किया। इस नियम के अनुसार, अगर आप अगले 15 दिन के भीतर यात्रा का प्लान कर रहे हैं तो आप पहले से एनसीएमसी कार्ड के जरिए ट्रिप बनवा कर रख सकते हैं। लेकिन इसके लिए भी कुछ शर्तें हैं।
आप 1, 10, 15, 20 और 40 ट्रिप एक साथ बनवा सकते हैं। क्रम अनुसार, 1 ट्रिप के लिए 15 दिन, 10 ट्रिप के लिए 30 दिन, 15 और 20 ट्रिप के लिए 60 दिन व 40 ट्रिप पास के लिए 90 दिन मिलते हैं। शर्त यह है कि आपको अपने ट्रिप पास तय समय के अनुसार यूज करने होंगे।