Business News: कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को झटका लग सकता है। Hyundai Motor India 1 दिसंबर 2026 से चुनिंदा कारों और उनके ट्रिम्स की कीमतों में 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। कीमतों में यह बदलाव मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा। बढ़ती उत्पादन लागत को इस फैसले की वजह बताया गया है।
Hyundai ने क्यों बढ़ाए कारों के दाम?
Hyundai Motor India ने शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में बताया कि उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और अन्य इनपुट की लागत लगातार बढ़ रही है। कंपनी अब तक अपनी आंतरिक कार्यक्षमता और लागत घटाने के उपायों के जरिए इस बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी। हालांकि, लगातार बढ़ते लागत दबाव के चलते अब इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है। इसी वजह से कंपनी ने चुनिंदा मॉडलों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है।
शेयर बाजार में भी चर्चा में रहेंगे Hyundai के शेयर
कीमतों में बढ़ोतरी की खबर के बाद 25 नवंबर को Hyundai Motor India के शेयर निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं। 24 नवंबर को गुरुनानक जयंती के कारण शेयर बाजार बंद रहेगा। इससे पहले 23 नवंबर को कंपनी का शेयर बीएसई पर करीब 3 प्रतिशत गिरकर 2,150.90 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी का मार्केट कैप 1.74 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
Maruti Suzuki भी बढ़ा चुकी है कीमतें
Hyundai से पहले Maruti Suzuki India भी अपनी चुनिंदा कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है। कंपनी ने 22 नवंबर 2026 से नए दाम लागू किए हैं। बिक्री की मात्रा के आधार पर कीमतों में औसतन करीब 0.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने इसके पीछे लगातार बढ़ती लागत को वजह बताया है। हालांकि, ग्राहकों पर इसका असर कम रखने की कोशिश की गई है। इससे पहले भी अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कंपनी तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है। इन बढ़ोतरी का कुल असर 1 प्रतिशत से कुछ अधिक रहा था।