Gorakhpur News: गोरखपुर जंक्शन पर 21 नवंबर को आसनसोल ट्रेन (03528) की सूचना न मिलने से 35 यात्री सवार नहीं हो पाए थे। हंगामे के बाद ट्रेन देवरिया में रोकी गई और यात्रियों को कृषक एक्सप्रेस से वहां पहुंचाया गया। जांच के बाद रेलवे ने दो संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त कर दी है और तीन कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है।
जानकरी के अनुसार, 21 नवंबर को गोरखपुर जंक्शन पर गाड़ी संख्या 03528 का न तो अनाउंसमेंट हुआ और न ही डिस्प्ले स्क्रीन पर इसकी सूचना दिखाई गई। इससे करीब 35 यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ पाए। यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जांच में लापरवाही मिलने पर हुई कार्रवाई
स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता ने बताया कि यह कार्रवाई ट्रेनों की सूचना के आदान-प्रदान और उद्घोषणा में लापरवाही को लेकर की गई है। जांच के बाद ऑपरेटिंग विभाग के दो कर्मचारियों और कॉमर्शियल विभाग के एक कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। तीनों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही इंक्वायरी कार्यालय में तैनात दो संविदा कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
ऑपरेटिंग कार्यालय में लगा रिकॉर्डिंग टेलीफोन
रेल प्रशासन ने डिप्टी एसएस ऑपरेटिंग कार्यालय में रिकॉर्डिंग टेलीफोन की व्यवस्था लागू की है। अब ऑपरेटिंग स्टाफ और इंक्वायरी कार्यालय के बीच होने वाली पूरी बातचीत रिकॉर्ड होगी। इससे यह पता चल सकेगा कि ट्रेन के आगमन और प्रस्थान की सूचना कब दी गई और वह यात्रियों तक पहुंचने में कितना समय लगा। दोनों कार्यालयों के बीच संवाद का रिकॉर्ड रहने से कर्मचारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर बच नहीं सकेंगे। इसके साथ ही ट्रेनों से जुड़ी सूचनाओं का समयबद्ध अभिलेखीकरण भी अनिवार्य किया जा रहा है।