India News: ट्रांसयूनियन सिबिल के आंकड़ों के अनुसार, देश में गोल्ड लोन का एनपीए अनुपात मार्च 2026 के अंत में 0.16 प्रतिशत था, जो अगस्त 2026 तक लगभग दोगुना होकर 0.30 प्रतिशत पर पहुंच गया है। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, सोने के आभूषणों के बदले बकाया ऋण सितंबर 2026 में 66 प्रतिशत बढ़कर 3.74 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
बकाया कर्ज में यह उछाल एक साल में ही नहीं आया है। एक वर्ष पहले सितंबर 2025 में यह राशि 2.25 लाख करोड़ रुपये थी, जबकि सितंबर 2024 में यह केवल 1.50 लाख करोड़ रुपये थी। इस तरह दो साल में गोल्ड लोन का बकाया ढाई गुना से अधिक हो गया है, और यह देश के सबसे तेजी से बढ़ते सुरक्षित कर्ज खंडों में से एक बन गया है।
इस संकट की मुख्य वजह क्या है?
इस तनाव के पीछे सबसे बड़ा कारण सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट है। घरेलू बाजार में सोने के भाव जनवरी 2026 के 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर से 30 प्रतिशत से अधिक टूटकर करीब 1.25 लाख रुपये पर आ गए हैं। कीमतों में इस गिरावट से कर्ज के मुकाबले गिरवी रखे सोने की कीमत का अनुपात यानी लोन-टू-वैल्यू बढ़ गया है, जिससे कर्ज देने वाली संस्थाओं का सुरक्षा कवच कमजोर हुआ है।
दूसरी वजह गंभीर डिफॉल्टर्स को कर्ज देना है। पीरामल फाइनेंस के एमडी और सीईओ जयराम श्रीधरन के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में उद्योग स्तर पर करीब 4.7 लाख करोड़ रुपये के गोल्ड लोन ऐसे ग्राहकों को बांटे गए, जो पहले से ही 90 दिनों से अधिक के डिफॉल्ट में थे। कुल वितरण का लगभग 15 प्रतिशत से 23 प्रतिशत हिस्सा ऐसे ही ग्राहकों के पास गया।
तीसरी वजह नए नियम और ईएमआई का दबाव है। पारंपरिक बुलेट रीपेमेंट यानी अंत में एकमुश्त भुगतान के बजाय अब मासिक ईएमआई और नियमित ब्याज भुगतान के नए नियमों के साथ तालमेल बिठाने में कर्जदारों को कठिनाई हो रही है। इसका असर गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों पर भी दिख रहा है। बजाज फाइनेंस के सितंबर तिमाही के आंकड़ों में स्टेज-2 और स्टेज-3 एसेट्स में 1,601 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसमें गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का हिस्सा 1,047 करोड़ रुपये रहा।
आगे की राह: आरबीआई ने किया सतर्क
बढ़ते जोखिम को देखते हुए आरबीआई ने एनबीएफसी प्रमुखों के साथ बैठक में गिरती कीमतों और बढ़ते एलटीवी अनुपात पर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। दूसरी ओर, रेटिंग एजेंसी क्रिसिल का मानना है कि गोल्ड लोन पोर्टफोलियो की वृद्धि दर वित्त वर्ष 26 के 78 प्रतिशत से घटकर चालू वित्त वर्ष में 40 प्रतिशत पर आ सकती है।
गोल्ड लोन लिया है तो क्या करें ग्राहक
सोने के दाम घटने से एलटीवी अनुपात बिगड़ सकता है, इसलिए अतिरिक्त पैसे की तैयारी रखें। ऐसे में बैंक या एनबीएफसी आपसे अतिरिक्त सोना गिरवी रखने या कुछ नकद राशि जमा करने को कह सकते हैं। नीलामी के नोटिस को हल्के में न लें। यदि आपका एलटीवी तय सीमा 75 प्रतिशत से ऊपर जाता है और आप समय पर अंतर की राशि नहीं चुकाते हैं, तो लेंडर गिरवी रखे सोने की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। डिफॉल्ट से बचने के लिए हर महीने की किस्त समय पर चुकाएं, वरना सिबिल स्कोर खराब हो सकता है।