National News: चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के अनुसार, पीएम मोदी की सोना न खरीदने की अपील के बाद अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच सोने का आयात 40 प्रतिशत घटकर 24.7 अरब डॉलर रह गया। पिछले साल इसी अवधि में आयात 41.24 अरब डॉलर था, यानी आयात बिल में 16.46 अरब डॉलर, 1.53 लाख करोड़ रुपये, की कमी आई है।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयात में इस गिरावट के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीद कम करने की अपील एक प्रमुख वजह है।
गोयल के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 72 अरब डॉलर, यानी करीब 6.69 लाख करोड़ रुपये, का सोना आयात किया था। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में यह घटकर 35 से 40 अरब डॉलर, यानी 3.25 लाख करोड़ से 3.72 लाख करोड़ रुपये, के बीच रहने का अनुमान है।
सोने की कीमतों में भी गिरावट
गोयल ने बताया कि सोने की कीमतों में आई गिरावट से भी खरीदारी की लागत कम हुई है। उनके अनुसार, सोने का भाव पहले करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम था, जो 22 नवंबर तक घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम रह गया था। यानी उस समय तक सोना प्रति किलो 65 लाख रुपये सस्ता हो चुका था। दस ग्राम के हिसाब से देखें तो सोना अपने उच्चतम स्तर से 65,000 रुपये तक सस्ता हो गया था। हालांकि, सोमवार रात सोने के दामों में गिरावट थम गई और एमसीएक्स पर सोना 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।
सीटीआई ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि अगर व्यापारियों ने उस समय पुराने भाव पर सोना खरीदा होता तो उन्हें प्रति किलो 65 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ता। प्रधानमंत्री की सलाह ने उन्हें बड़े घाटे से बचा लिया।
पीएम मोदी ने लखनऊ में क्या कहा था
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को लखनऊ में कहा था, ‘मैंने देशवासियों से कहा था कि जबतक जरूरत न हो, सोना नहीं खरीदिए। देश ने मेरी बात मानी और सोना कम खरीदा। गोल्ड के दाम टूट गए। लोग कह रहे हैं कि मोदी जी, आपकी बात मानी और हमारे पैसे बच गए।’
10 मई को की गई थीं सात अपीलें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को तेलंगाना में विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सात अपीलें की थीं। उनमें सोना न खरीदने की अपील भी शामिल थी। उन्होंने एक साल तक सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने, विदेश यात्रा टालने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने, खाने का तेल कम इस्तेमाल करने, स्वदेशी अपनाने और आयातित रासायनिक खादों पर निर्भरता घटाने की अपील की थी।
शादी के सीजन में कारोबार का अनुमान
गोयल ने बताया कि इस साल शादी के सीजन में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इससे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। इसमें सोने और चांदी के आभूषणों की हिस्सेदारी करीब 8 से 10 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।