New Delhi News: आगामी ब्रिक्स समिट से पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने देश के प्रमुख 5-स्टार होटलों के साथ अहम बैठक की है। इस बैठक में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कड़े रुख के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर विस्तार से चर्चा की गई और जरूरी निर्देश दिए गए।
किचन सेफ्टी और हाइजीन नियमों पर सख्त निगरानी
बैठक में मौजूदा नियमों के पालन, हाइजीन बेंचमार्क, किचन सेफ्टी प्रोटोकॉल और ओवरऑल फूड सेफ्टी का आकलन करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी प्रमुख लग्जरी होटलों ने सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का भरोसा दिया। इसके साथ ही संस्था ने होटलों में औचक निरीक्षण की प्रक्रिया को काफी तेज कर दिया है।
हाल ही में दिल्ली के एयरोसिटी स्थित जेडब्ल्यू मैरियट और होटल अंदाज के किचन में दो दिनों तक जांच अभियान चलाया गया था। निरीक्षण के दौरान वहां दुर्गंध, कॉकरोच, मक्खियां और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य उत्पाद पाए गए थे। इस दौरान 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां नष्ट की गईं और कुल 59 गंभीर कमियां दर्ज की गई थीं।