अमेजन से भारत का निर्यात 27 अरब डॉलर पहुंचा, निर्यातकों की संख्या 2.4 लाख हुई

Share

- Advertisement -

New Delhi News: ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने बुधवार को कहा कि उसके अमेजन ग्लोबल सेलिंग कार्यक्रम के जरिए भारत से कुल ई-कॉमर्स निर्यात 27 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। मंच पर निर्यातकों की संख्या एक साल में 20 प्रतिशत बढ़कर 2.4 लाख हो गई है। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक 80 अरब डॉलर का निर्यात कराना है।

यह कार्यक्रम 2015 में शुरू हुआ था और अब तक इसके 2.4 लाख से अधिक निर्यातकों ने अमेजन के वैश्विक बाजारों में एक अरब से अधिक मेड-इन-इंडिया उत्पाद बेचे हैं। इस साल कुल निर्यात में 7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जो पिछले साल के बराबर है, जब यह 2024 के अंत में 13 अरब डॉलर से बढ़कर अक्टूबर 2025 में 20 अरब डॉलर हो गया था।

भारत में अमेजन ग्लोबल सेलिंग के प्रमुख श्रीनिधि कल्पवुडि ने कहा कि भारत में उपभोक्ता निर्यात के लिए वैश्विक ताकत बनने की क्षमता है और ई-कॉमर्स इस महत्वाकांक्षा को हकीकत में बदलने में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि कपड़ा जैसे क्षेत्रों में भारत की विनिर्माण ताकत और कारीगरी वैश्विक ब्रांड बन सकती है।

दिल्ली सबसे आगे, इरोड के निर्यातकों की बड़ी कमाई

कल्पवुडि ने कहा कि भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते से विक्रेताओं को फायदा होगा, क्योंकि शुल्क कम होने लगेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी शुरुआती दिन हैं और इसका सही आकलन करने में करीब एक साल लगेगा। आगामी बजट 2027-28 पर उन्होंने कहा कि सरकार ने ई-कॉमर्स निर्यात को अलग श्रेणी के रूप में पहचानना शुरू कर दिया है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार आगामी बजट में इस पर और जोर देगी।

अमेजन ग्लोबल सेलिंग कार्यक्रम में दिल्ली 36,000 से अधिक निर्यातकों के साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे आगे है। इसके बाद राजस्थान में 32,500 से अधिक, उत्तर प्रदेश में 29,000 से अधिक, गुजरात में 28,000 से अधिक और महाराष्ट्र में 23,500 से अधिक निर्यातक हैं। छोटे शहरों में तमिलनाडु के इरोड के निर्यातकों ने जनवरी 2025 से 2026 की तीसरी तिमाही के बीच 121.5 मिलियन डॉलर से अधिक की बिक्री की है।

पिछले दस वर्षों में सबसे ज्यादा चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर वाली श्रेणियों में स्वास्थ्य और व्यक्तिगत देखभाल 45 प्रतिशत, किराना 44 प्रतिशत, सौंदर्य 42 प्रतिशत और खिलौने 35 प्रतिशत रहे। यह कार्यक्रम भारतीय विक्रेताओं को अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, इटली और स्पेन सहित 18 या अधिक देशों में अमेजन स्टोर तक पहुंच देता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News