यूपी चुनाव के लिए सपा ने पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, कांग्रेस से सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच जारी की सूची

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। इसी बीच मंगलवार देर रात सपा ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस कदम से कांग्रेस खेमे में नाराजगी बढ़ गई है, क्योंकि इससे पहले सपा ने कांग्रेस को केवल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया था।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार देर रात पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर संवाद चल रहा है।

सपा की इस सूची के बाद कांग्रेस नेताओं में असंतोष देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, कांग्रेस को एक ही दिन में दो झटके लगे हैं। पहला, सपा की ओर से गठबंधन में कांग्रेस को केवल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया और दूसरा, बातचीत पूरी होने से पहले ही पांच सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए गए।

सपा की सूची में सहारनपुर जिले की दो सीटें भी शामिल हैं, जिन्हें लेकर कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद लगातार दावेदारी कर रहे थे।

सपा ने इन पांच सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

  • बेहट: उमर अली खान
  • सहारनपुर: आशु मलिक
  • कैराना: नाहिद हसन
  • अमरोहा: महबूब अली
  • ललितपुर: ज्योति लोधी

इन पांच सीटों का पिछला चुनावी इतिहास

बेहट विधानसभा (सहारनपुर) 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के उमर अली खान ने भाजपा के नरेश सैनी को 37,880 मतों के अंतर से हराया था। इससे पहले 2017 में कांग्रेस के टिकट पर नरेश सैनी ने भाजपा के महावीर सिंह राणा को 25,586 वोटों से पराजित किया था। वहीं, 2012 में बसपा के महावीर सिंह राणा ने कांग्रेस के नरेश को 514 मतों के मामूली अंतर से हराया था।

सहारनपुर विधानसभा 2022 में इस सीट पर सपा के आशु मलिक ने भाजपा के जगपाल सिंह को 30,745 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। 2017 में कांग्रेस के मसूद अख्तर ने बसपा के जगपाल सिंह को 12,324 मतों से पराजित किया था। जबकि 2012 में बसपा के जगपाल ने कांग्रेस के चौधरी अब्दुल वाहिद को 17,113 वोटों के अंतर से हराया था।

कैराना विधानसभा कैराना सीट पर 2022 में सपा के नाहिद हसन ने भाजपा की मृगांका सिंह को 25,887 मतों से हराया था। 2017 के चुनाव में भी नाहिद हसन ने मृगांका सिंह को 21,162 वोटों से मात दी थी। इससे पहले 2012 में भाजपा के हुकुम सिंह ने बसपा के अनवर हसन को 19,543 मतों के अंतर से पराजित किया था।

अमरोहा विधानसभा अमरोहा सीट पर सपा का लगातार कब्जा रहा है। 2022 में सपा के महबूब अली ने भाजपा के राम सिंह को 71,036 मतों के बड़े अंतर से हराया। 2017 में महबूब अली ने बसपा के नौशाद अली को 15,042 वोटों से और 2012 में भाजपा के राम सिंह को 21,805 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी।

ललितपुर विधानसभा 2022 के चुनाव में भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने बसपा के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को 1,07,215 मतों के भारी अंतर से हराया था। 2017 में भी भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने सपा की ज्योति सिंह को 68,255 वोटों से पराजित किया था। वहीं, 2012 में बसपा के रमेश प्रसाद कुशवाहा ने सपा के चंद्रभूषण सिंह बुंदेला को 11,323 मतों से हराया था।

सपा की जल्दबाजी के पीछे के राजनीतिक मायने

सपा द्वारा इतनी तेजी से पांच उम्मीदवारों की घोषणा करने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई सवाल उठ रहे हैं। पहला सवाल यह है कि क्या सपा गठबंधन में कांग्रेस को केवल औपचारिकता के तौर पर साथ लेकर चल रही है।

दूसरा पहलू कांग्रेस नेता इमरान मसूद से जुड़ा माना जा रहा है, जो शुरू से ही सपा के प्रति मुखर रहे हैं। उनके लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारकर सपा ने अपना रुख स्पष्ट करने का संकेत दिया है। इसके अलावा यह भी माना जा रहा है कि 2017 के विधानसभा चुनाव के अनुभव और बिहार चुनाव में गठबंधन की स्थिति को देखते हुए सपा इस बार सीटों के चयन को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है।

Read more

Related News