Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित लडभड़ोल बाजार से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह नौजवानों की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार रात कार के गहरी खाई में गिरने से यह हादसा हुआ, जिसकी जानकारी करीब 15 घंटे बाद लग सकी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। जब छह युवकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया, तो मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दुर्घटना ने छह परिवारों की खुशियां छीन ली हैं।
मृतकों की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह युवक आपस में गहरे दोस्त थे और आदित्य की बहन के घर गए हुए थे, लेकिन घर वापस नहीं लौट सके। मृतकों का विवरण इस प्रकार है:
- यशराय (यश): नौवीं कक्षा का छात्र था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। हादसे का शिकार हुई कार यश के पिता की ही थी, जिसे उन्होंने महज तीन महीने पहले खरीदा था।
- अनुज: दो बहनों का इकलौता भाई था।
- अर्णव और पंकज: दोनों युवक जमा एक (11वीं कक्षा) में पढ़ाई कर रहे थे।
- आयुष: अपने पिता की सब्जी की दुकान में हाथ बंटाता था और धार्मिक व मंदिर के कार्यों में सक्रिय रहता था। इसके पिता सिमसा मंदिर के प्रधान रह चुके हैं।
- आदित्य: जमा दो (12वीं) की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय सेना (आर्मी) भर्ती की तैयारी कर रहा था।
15 घंटे तक खाई में पड़ी रही कार, सीसीटीवी से मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मंगलवार रात को हुई, लेकिन गहरी खाई होने के कारण करीब 15 घंटों तक किसी को भी इसकी भनक नहीं लग पाई। जब युवक देर रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रात करीब 11 बजे के आसपास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कार गुजरती हुई दिखाई दी, जिसके बाद संदिग्ध स्थानों पर तलाश करने पर हादसे का पता चला।
शोक में दोपहर 2 बजे से बंद रहेगा लडभड़ोल बाजार
क्षेत्र के छह होनहार युवाओं की असमय मृत्यु के शोक में लडभड़ोल बाजार आज दोपहर दो बजे के बाद बंद रखने का निर्णय लिया गया है। व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र सोनी ने बताया कि इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में बाजार के दो व्यापारियों के बेटे भी शामिल हैं। व्यापार मंडल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही है।