Silchar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। लगभग 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना का निर्माण भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा किया जाएगा, जिससे दक्षिण असम और बराक घाटी में हवाई संपर्क मजबूत होगा।
वर्तमान में सिलचर एयरपोर्ट रक्षा मंत्रालय की भूमि पर बने सिविल एन्क्लेव से संचालित होता है, जहां जगह और विमान संचालन की सीमित क्षमता है। बढ़ते यात्री दबाव और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए यह नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है। इसके बनने से कछार जिले और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
12,351 वर्ग मीटर का टर्मिनल और 800 यात्रियों की क्षमता
परियोजना के तहत नए हवाई अड्डे का टर्मिनल भवन 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जाएगा। यह टर्मिनल व्यस्त समय (पीक आवर) में प्रति घंटे 800 यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा।
2,705 मीटर लंबा रनवे और 6 विमानों की पार्किंग सुविधा
नए एयरपोर्ट पर Code-4C मानकों के अनुरूप 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा, जो एयरबस A320 श्रेणी के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त होगा। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर एक एप्रन भी बनाया जाएगा, जहां एक समय में छह Airbus A320 विमान एक साथ खड़े हो सकेंगे। आपातकालीन स्थितियों में किसी विमान को अन्य विमानों से अलग रखने के लिए यहां आइसोलेशन बे की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
इस परियोजना के पूरा होने से बराक घाटी और दक्षिण असम की देश के अन्य प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।