Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ गोरखपुर के क्षेत्रीय सह-संयोजक प्रदीप कुमार उर्फ प्रदीप कमलापुरी की तहरीर पर ढेबरुआ थाना पुलिस ने 6 नामजद और दो दर्जन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
बढ़नी कस्बा निवासी और शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के समर्थक माने जाने वाले प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद जगदंबिका पाल के समर्थकों ने मंच पर उनके साथ मारपीट की। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे में अनिल अग्रहरि, सूर्य कुमार पांडेय, मुरारी सिंह, पंकज चतुर्वेदी, रिंकू पाल और कैलाश को नामजद किया गया है, जबकि लगभग दो दर्जन अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
21 नवंबर को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हुआ था विवाद
यह पूरा घटनाक्रम 21 नवंबर को बढ़नी सीएचसी के शिलान्यास समारोह के दौरान घटित हुआ। समारोह में स्थानीय विधायक विनय वर्मा और सांसद जगदंबिका पाल दोनों अतिथि के रूप में मौजूद थे, साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।
बताया जा रहा है कि जब सांसद जगदंबिका पाल अपने समर्थकों के साथ मंच की ओर बढ़ रहे थे, तभी माइक से नेताओं के नाम पुकारे जाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। घटना से जुड़े एक वायरल वीडियो में भी मंच के पास गहमागहमी देखी गई। आरोप है कि इसी दौरान सांसद के साथ आए समर्थकों ने मंच पर पहले से मौजूद प्रदीप कुमार को गाली-गलौज और धमकी देते हुए पीटना शुरू कर दिया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इसके बाद विधायक विनय वर्मा भी मंच पर पहुंचे, जहां उनकी भी सांसद समर्थकों के साथ तीखी बहस हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट की कार्यक्रम की स्थिति
इस राजनीतिक विवाद के बीच प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि बढ़नी सीएचसी का शिलान्यास कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस सरकारी कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा दोनों को विधिवत आमंत्रित किया गया था, हालांकि मंच पर धक्का-मुक्की और विवाद किस कारण से हुआ, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। 21 नवंबर की इस घटना और अब एफआईआर दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है।