केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘लखपति दीदी’ के स्टॉल पर बनाई जलेबी, बहनों से कहा- अब करोड़पति बन जाएं

Share

- Advertisement -

Bhopal News: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ‘लखपति दीदी’ पहल से जुड़ी महिला उद्यमियों के एक फूड स्टॉल पर पहुंचे, जहां उन्होंने खुद जलेबी बनाई और सभी को बांटी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लखपति तो बन गए हैं, अब करोड़पति बन जाएं। जलेबी बनाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने सहज और आत्मीय अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में वह ‘लखपति दीदी’ पहल से जुड़ी महिला उद्यमियों के एक स्टॉल पर पहुंचे। इस दौरान वह पारंपरिक शॉल और टोपी पहने नजर आए। स्टॉल का जायजा लेने के बाद वह पास के ही एक फूड स्टॉल पर गए और वहां खुद जलेबी बनाने लगे।

    जलेबी बनाते समय शिवराज सिंह चौहान ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि शुरुआत में अच्छी नहीं बन रही है, लेकिन वह कुछ न कुछ तो बना ही देंगे। जलेबी तैयार होने के बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों को अपने हाथों से इसे बांटा।

    बहनों को दिया करोड़पति बनने का संदेश

    जलेबी बांटते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाई ने जलेबी बनाई है और अब बहनें इसे खाकर लखपति बन जाएं। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपनी बात सुधारते हुए कहा कि बहनें लखपति तो बन ही गई हैं, अब उन्हें करोड़पति बनना चाहिए।

    खुद भी जलेबी का स्वाद चखते हुए उन्होंने कहा कि वह भी किसी से कम नहीं हैं और जलेबी वाकई अच्छी बनी है। उन्होंने कहा कि अपने हाथ से बनाई हुई चीज हमेशा अच्छी लगती है। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

    सीहोर में कार्यकर्ता की दुकान पर बनाई थी चाय

    इससे पहले भी सीहोर जिले के रेहटी में शिवराज सिंह चौहान का ऐसा ही आत्मीय अंदाज देखने को मिला था। वहां वह भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता विष्णु गुप्ता की चाय की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने न केवल खुद चाय बनाई, बल्कि वहां मौजूद लोगों को अपने हाथों से चाय पिलाई भी थी।

    इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा था कि जनसंघ के समय से पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे विष्णु भैया के साथ चाय पर पुरानी यादें ताजा हो गईं।

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से केंद्रीय मंत्री तक का सफर

    शिवराज सिंह चौहान लंबे समय तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। साल 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई ‘लाडली बहना योजना’ को भाजपा की बड़ी जीत का एक प्रमुख कारण माना गया था।

    चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद भाजपा ने मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद पार्टी ने शिवराज सिंह चौहान को लोकसभा चुनाव लड़वाया और जीत के बाद उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

    Read more

    Related News