Sant Kabir Nagar News: संतकबीर नगर के धनघटा थाना क्षेत्र में प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज 22 वर्षीय युवक सोमवार सुबह करीब 11 बजे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक प्रेमिका से शादी न कराने पर टॉवर से कूदकर जान देने की धमकी दे रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और तहसील के अधिकारी उसे समझाने में जुटे हैं।
प्रेमिका की शादी दूसरे जगह तय होने की जानकारी मिलने से नाराज युवक सोमवार को सुबह करीब ग्यारह बजे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। यह देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इनकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद तहसील के अधिकारी भी पहुंच गए।
यह प्रेमी धनघटा थाना क्षेत्र का दुघराकला गांव निवासी 22 वर्षीय लक्ष्मण है। वहीं प्रेमिका भी इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव की है। प्रेमी बार-बार यही रट लगा रहा है कि उसकी शादी प्रेमिका से नहीं करवाने पर वह टॉवर से कूदकर जान दे देगा।
पुलिस-प्रशासन उसकी जिद से परेशान है। प्रेमी व प्रेमिका के स्वजन को मौके पर बुलाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन युवक को समझाने-बुझाने में जुटे हुए हैं।