Nalanda News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता और पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव के हिलसा स्थित निजी आवास में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने रात के समय घर को निशाना बनाकर जमकर तोड़फोड़ की, कीमती सामान चुरा लिया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का पूरा सेटअप भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी स्वयं शक्ति सिंह यादव ने एक वीडियो जारी कर साझा की है। उन्होंने बताया कि उनका निजी आवास हिलसा के बीच बाजार में मुख्य सड़क पर स्थित है, जिसके ठीक बगल और सामने अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और न्यायिक अधिकारी का सरकारी आवास है। उन्होंने आशंका जताई है कि अपराधियों ने तीन से चार घंटे तक घर के भीतर रहकर इत्मीनान से पूरे मकान की तलाशी ली।
घर में कोई मौजूद न होने से टली बड़ी अनहोनी
शक्ति सिंह यादव ने जारी वीडियो में कहा कि अपराधियों ने पूरे घर को खंगाल दिया और संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया है। वारदात की पहचान छिपाने के लिए बदमाश सीसीटीवी कैमरों की मशीन और पूरा सेटअप भी उखाड़ ले गए।
पूर्व विधायक ने राहत जताते हुए कहा कि घटना की रात घर के अंदर कोई सोया हुआ नहीं था। यदि उस समय परिवार का कोई सदस्य या अन्य व्यक्ति घर में मौजूद होता, तो अपराधी किसी बड़ी अनहोनी को भी अंजाम दे सकते थे।
रात्रि गश्ती और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद शक्ति सिंह यादव ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब अनुमंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सरकारी आवास के ठीक सामने मुख्य सड़क पर स्थित मकान में घंटों तक वारदात होती रही, तो रात्रि गश्ती दल को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना स्थानीय थाने और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है। इसके साथ ही, पूर्व विधायक ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधियों के घर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।