Meerut News: मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना क्षेत्र के नानू तिराहे के पास आलू से लदा 14 टायरा ट्रक कार को बचाने के प्रयास में पलट गया। ट्रक चालक मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि सड़क पर बिखरे आलू के बोरों के कारण मंगलवार सुबह तक हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लगा रहा।
थाना किठौर क्षेत्र के कायस्थ बड्ढा निवासी नवाजिश राणा पुत्र हसरत पंजाब के होशियारपुर से 14 टायरा ट्रक में आलू के बोरे लादकर बिहार जा रहा था। सोमवार देर रात जब वह सरधना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे स्थित नानू तिराहे पर पहुंचा तो सामने से एक कार आ गई। आसपास के लोगों के अनुसार, कार सवार युवक तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए जा रहे थे।
कार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदे आलू के बोरे हाईवे पर बिखर गए। इससे यातायात प्रभावित हो गया और मंगलवार सुबह तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में ट्रक चालक के साथियों ने दूसरे ट्रक की मदद से आलू के बोरों को उसमें लादना शुरू किया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की अनदेखी से आबादी में दौड़ रहे ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक
सरधना कस्बे में पुलिस की अनदेखी के चलते गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों की दिन में ही धड़ल्ले से आवाजाही हो रही है। आबादी के बीच से गुजर रहे इन भारी वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों के आवागमन से हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद जिम्मेदार पुलिसकर्मी इन वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
दरअसल, देहात क्षेत्र में स्थित गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना भरकर ओवरलोड ट्रक दौराला शुगर मिल सहित अन्य चीनी मिलों में पहुंच रहे हैं। इन ट्रकों को मेरठ-करनाल हाईवे से होते हुए भूनी टोल प्लाजा पार कर नानू चौराहे के रास्ते चीनी मिलों तक पहुंचने का मार्ग उपलब्ध है। इसके बावजूद टोल शुल्क बचाने के चक्कर में ट्रक चालक कस्बे के अंदर से होकर गुजर रहे हैं।
इससे आबादी के बीच रहने वाले लोगों और बाजार आने वाले राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सोमवार को भी दिन में चर्च रोड से गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही के चलते तहसील तिराहे पर जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर भारी वाहनों के पहुंचने से अन्य वाहन फंस गए और काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि यह स्थिति तब है, जब हाल ही में संपूर्ण समाधान दिवस में सामाजिक संगठनों ने गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों के लिए भूनी टोल मार्ग सहित वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की थी।
ट्रकों के संचालन के शेड्यूल से अनजान थाना पुलिस
कस्बे में दिन के समय आबादी के बीच से गुजर रहे गन्ना लदे ओवरलोड ट्रकों को लेकर जब थाना पुलिस से जानकारी करने का प्रयास किया गया तो पुलिसकर्मी इनके संचालन के शेड्यूल से ही अनजान नजर आए। पुलिस को यह तक जानकारी नहीं थी कि गन्ना लदे भारी वाहन किस समय कस्बे के अंदर से गुजर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पुलिस को इन वाहनों के संचालन के समय की जानकारी ही नहीं है तो यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और हादसों की आशंका रोकने के लिए निगरानी कैसे की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक, थाना सरधना अरुण कुमार मिश्र ने कहा, “पिछली बार गन्ना लदे ट्रकों का समय पांच बजे का था, जो सही नहीं है, क्योंकि शाम के समय अधिक भीड़ रहती है। मंगलवार को थाने में ट्रांसपोर्ट व शुगर मिल के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें ट्रकों के नियमानुसार संचालन पर बात कर तय किया जाएगा।”