21 वर्षीय संतोष कुमारी बनीं जैसलमेर की सबसे युवा जिला प्रमुख, जानें क्या हैं उनकी प्राथमिकताएं

Share

- Advertisement -

Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले में 21 वर्ष 1 महीना और 6 दिन की संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। सामान्य परिवार से आने वाली और स्नातक (BA) शिक्षित संतोष कुमारी ने अपने पहले ही चुनाव में सामान्य अनारक्षित वार्ड से 6,202 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बनने का रिकॉर्ड बनाया है।

    नवनिर्वाचित जिला प्रमुख संतोष कुमारी के पिता ग्राम विकास अधिकारी हैं और उनका परिवार गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है। जिला प्रमुख का पद संभालने के बाद एक बातचीत में उन्होंने अपनी कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। संतोष कुमारी ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य जिले के हर गांव और ढाणी तक विकास पहुंचाना है, विशेषकर उन इलाकों का कायाकल्प करना जो अब तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे हैं।

    युवाओं को शिक्षा से जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर

    संतोष कुमारी ने बताया कि उनके एजेंडे में युवाओं की शिक्षा सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि जिले के जिन पिछड़े और दूरदराज के क्षेत्रों में स्कूल नहीं हैं, वहां शिक्षा की समुचित व्यवस्था करवाने का प्रयास किया जाएगा। उनका उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाना है।

    कांग्रेस नेताओं ने सामान्य वार्ड से उतारा था मैदान में

    जैसलमेर जिला परिषद की 21 सीटों में से 20 वार्डों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को केवल एक वार्ड में सफलता मिली। संतोष कुमारी को राजनीति में आगे लाने में पूर्व कैबिनेट मंत्री शालेह मोहम्मद, जैसलमेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर और पूर्व जिला प्रमुख अब्दुल्ला फकीर की प्रमुख भूमिका रही।

    कांग्रेस नेतृत्व ने आरक्षित वर्ग से आने के बावजूद संतोष कुमारी पर भरोसा जताते हुए उन्हें सामान्य अनारक्षित वार्ड से चुनाव मैदान में उतारा था। उन्होंने 6,202 वोटों के अंतर से जीत हासिल कर इस भरोसे को सही साबित किया। संतोष कुमारी ने एकजुट होकर समर्थन देने और जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपने के लिए कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।

    Read more

    Related News