Bengaluru News: वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कल्याण कृष्णमूर्ति लगभग एक दशक तक कमान संभालने के बाद पद छोड़ने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, वह आने वाले कुछ हफ्तों में अपनी जिम्मेदारी से हट सकते हैं। कंपनी ने इस बीच एक इमरजेंसी टाउनहॉल बैठक भी बुलाई है, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
‘मनीकंट्रोल’ की एक रिपोर्ट में मामले से जुड़े चार जानकार लोगों के हवाले से बताया गया है कि कृष्णमूर्ति के जाने से भारत की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों में शामिल फ्लिपकार्ट में बड़े नेतृत्व बदलाव का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, इस संबंध में ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है।
2017 में संभाली थी सीईओ की कमान
फ्लिपकार्ट की स्थापना सचिन बंसल और बिन्नी बंसल ने की थी। वॉलमार्ट द्वारा कंपनी के अधिग्रहण और दोनों संस्थापकों के बाहर होने के बाद कल्याण कृष्णमूर्ति ने नेतृत्व की भूमिका निभाई। जनवरी 2017 में उन्हें फ्लिपकार्ट का CEO नियुक्त किया गया था और 2018 से वह फ्लिपकार्ट ग्रुप के CEO की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 2013 में कंपनी के अंतरिम मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) के रूप में भी काम किया था। वह फ्लिपकार्ट के शुरुआती और बड़े निवेशकों में शामिल ‘टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट’ में मैनेजिंग डायरेक्टर भी रह चुके हैं।
करीब 10 साल के अपने कार्यकाल में कृष्णमूर्ति ने फ्लिपकार्ट के कामकाज को स्थिर करने और वॉलमार्ट के स्वामित्व में कंपनी के बदलाव को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्हें अमेजन और मीशो जैसे प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा। उनके नेतृत्व में कंपनी ने क्विक कॉमर्स सेवा ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ का विस्तार किया, जिसकी सीधी टक्कर ब्लिंकिट, स्विगी इंस्टामार्ट और जेप्टो से है। इसके अलावा, कंपनी फूड डिलीवरी जैसे नए क्षेत्रों में उतरने और युवा ग्राहकों (Gen Z) के लिए नए उत्पाद लाने की तैयारी कर रही थी।
आंतरिक चुनौतियों और IPO में देरी के बीच चर्चा
कृष्णमूर्ति के पद छोड़ने की तत्काल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन यह खबर ऐसे समय आई है जब फ्लिपकार्ट कई आंतरिक और कारोबारी चुनौतियों से गुजर रही है। हाल के महीनों में कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) में हो रही देरी, शीर्ष अधिकारियों के इस्तीफे और वॉलमार्ट द्वारा कथित कमीशनखोरी की जांच जैसे मामले सामने आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले एक साल में फ्लिपकार्ट के कम से कम 14 वाइस प्रेसिडेंट (VP) और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (SVP) कंपनी छोड़ चुके हैं। वहीं, वॉलमार्ट द्वारा फ्लिपकार्ट की शेयर बाजार में लिस्टिंग की तारीख तय न किए जाने से मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है, क्योंकि कई कर्मचारी लिस्टिंग के जरिए अपने शेयर (ESOP) भुनाने की उम्मीद कर रहे थे। पिछले महीने करीब 1,000 पूर्व कर्मचारियों ने वॉलमार्ट बोर्ड को पत्र लिखकर शेयर बायबैक में मौजूदा कर्मचारियों के बराबर अधिकार देने की मांग भी की थी।