स्वामी रामदेव के पाखंड वाले बयान पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रतिक्रिया, कहा- हम आलोचना और प्रशंसा दोनों स्वीकार करते हैं

Share

- Advertisement -

Chhatarpur News: योग गुरु स्वामी रामदेव द्वारा बिना नाम लिए पाखंड और आडंबर पर दिए गए बयान के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव उनके वरिष्ठ और संरक्षक हैं, इसलिए वह उनकी आलोचना और प्रशंसा दोनों को सहज भाव से स्वीकार करते हैं।

    योग गुरु स्वामी रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने हालिया बयानों को लेकर चर्चा में हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर दिए गए एक बयान के बाद स्वामी रामदेव ने सनातन धर्म के नाम पर ढोंग और पाखंड पर तीखी टिप्पणी की थी।

    हालांकि स्वामी रामदेव ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन इसे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना माना गया। इस पूरे विवाद पर अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्पष्ट किया है कि वह संतों के प्रति कोई प्रतिक्रिया नहीं देते और उनके हर शब्द को आशीर्वाद मानते हैं।

    स्वामी रामदेव को बताया अभिभावक और वरिष्ठ

    धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “हम संतों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। वह हमारे बड़े, संरक्षक और वरिष्ठ हैं और उन्होंने हमेशा हमें स्नेह दिया है। हमने हमेशा उन्हें अभिभावक के रूप में देखा है।”

    उन्होंने याद दिलाया कि चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव ने मंच से उनकी काफी प्रशंसा की थी और अब उन्होंने यह बात कही है। शास्त्री ने कहा कि वह आलोचना और प्रशंसा दोनों को समान रूप से स्वीकार करते हैं और संतों के प्रति मन में किसी भी प्रकार का अनादर नहीं रख सकते।

    ‘गुड़ में सम्मिलित और मठा में न्यारे’ कहावत का किया जिक्र

    धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि चार दिन पहले जब स्वामी जी ने स्तुति की थी, तब भी उन्होंने कुछ नहीं कहा था और अब निंदा करने पर भी वह कुछ नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा, “अगर हम अब कुछ कह दें, तो यह वही कहावत हो जाएगी कि गुड़ में सम्मिलित और मठा (छाछ) में न्यारे। हम सदा संतों के और हिंदुओं के थे। हम हिंदू एकता के लिए हैं और जोड़ने का काम करते हैं, तोड़ने का नहीं।”

    उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वामी रामदेव ने किसी का नाम नहीं लिया है। वह स्वभाव से बेहद सरल और भावुक महापुरुष हैं। संभव है कि उनके मन में कोई बात रही हो, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा, जिसे वह एक आशीर्वाद के रूप में स्वीकार करते हैं।

    क्या कहा था स्वामी रामदेव ने

    इससे पहले योग गुरु स्वामी रामदेव ने अपने बयान में कहा था कि वह गलत बातों को चुपचाप देखकर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा था कि यदि कोई व्यक्ति गलत विचार या बात के साथ खुद को जोड़ रहा है, तो उसे समझाना आवश्यक है। स्वामी रामदेव ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग, पाखंड और आडंबर को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।

    Read more

    Related News