Nagpur News: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के नागपुर और विदर्भ के तीर्थयात्री सुरक्षित घर लौट आए हैं। रविवार तड़के करीब 4.30 बजे 102 तीर्थयात्री ट्रेन से नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इससे पहले विदर्भ के चार अन्य यात्री शनिवार को सुरक्षित नागपुर पहुंच चुके थे।
विदर्भ का यह जत्था 19 अगस्त को पशुपतिनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए नेपाल गया था। 27 अगस्त तक सभी यात्री काठमांडू में फंसे रहे। स्टेशन पर बीजेपी नागपुर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने उनका स्वागत किया। यात्रियों ने सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के समन्वय से सुरक्षित हुई तीर्थयात्रियों की वापसी
महाराष्ट्र सीएमओ के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नेपाल के सांसद संदीप राणा से लगातार संपर्क में थे। यात्रियों ने बताया कि वे 28 अगस्त को काठमांडू से बस द्वारा जनकपुर और दानापुर होते हुए पटना पहुंचे। इसके बाद पटना रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर वे नागपुर पहुंचे और अपने परिवारों से मिले।
नेपाल में तबाही के बीच एक महिला काठमांडू में उपचाराधीन
दल के प्रमुख पंडित श्रीधर त्रिपाठी के अनुसार 72 वर्षीय निर्मला पांडेय को दिल का दौरा पड़ने के बाद काठमांडू के अस्पताल में एडमिट कराया गया है। उनका बेटा वहां पहुंच चुका है। बता दें कि नेपाल की इस भीषण बाढ़ में 675 लोगों की जान जा चुकी है और 2,400 लोग लापता हैं।