Shimla News: शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में दो स्कूली छात्रों के डूबने की आशंका से हड़कंप मच गया है। दोनों छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय रोहड़ू में 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीमों को तलाश में उतारा है।
लापता छात्रों की पहचान करासा निवासी 16 वर्षीय शिवेन और बनोटी निवासी 16 वर्षीय सक्षम के रूप में हुई है। दोनों दोस्त मंगलवार को पब्बर नदी के किनारे गए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और रात करीब 11:30 बजे पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
नदी किनारे मिले जूते और कपड़े, आशंका के बाद सर्च तेज
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने रात में ही नदी किनारे तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान दोनों छात्रों के कपड़े और जूते नदी तट पर बरामद हुए। परिजनों द्वारा सामान की पहचान किए जाने के बाद छात्रों के नदी में डूबने की आशंका गहरी हो गई है।
एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें कर रहीं नदी में तलाश
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा खुद इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस, राजस्व, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की टीमें नदी के किनारों पर जांच कर रही हैं। नदी के तेज बहाव को देखते हुए एनडीआरएफ के साथ पुलिस मोबाइल टीमों को सावड़ा और बांध की ओर भी भेजा गया है।