London News: उत्तरी वेल्स के एक दूरदराज इलाके में शुक्रवार को एक हल्का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान अब भारतीय मूल के पति-पत्नी के रूप में हुई है। वहीं, एक अन्य अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम में उत्तरी केन्या के पहाड़ी इलाके में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है।
वेल्स में विमान हादसे का शिकार हुआ भारतीय मूल का दंपती
हादसे का शिकार हुए विमान को केतन स्वाली उड़ा रहे थे और उड़ान के समय उनकी पत्नी शीतल भी उनके साथ मौजूद थीं। इस पाइपर पीए28 विमान ने वेस्ट मिडलैंड्स के टेटनहिल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। निर्धारित समय पर जब यह उत्तर-पश्चिम वेल्स के कैर्नारफान हवाई अड्डे पर नहीं पहुंचा, तब सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
केन्या की पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर क्रैश, सात लोग थे सवार
दूसरी तरफ, उत्तरी केन्या के एक सुदूर इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा पेश आया। यह हेलीकॉप्टर माउंट ओलोलोकवे की दुर्गम पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, इस हेलीकॉप्टर में एक पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद से यात्रियों और पायलट के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।