Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और संबद्ध प्राइमरी स्कूलों में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों के 23,899 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। शिक्षा निदेशालय ने रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है ।
इसमें टीजीटी के 17,740, पीजीटी के 2,615 और संबद्ध प्राइमरी में 897 पद शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2,647 पदों की सूचना भी आयोग को भेजी जा चुकी है। आयोग इन पदों के परीक्षण के बाद जल्द भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा ।
प्रवक्ता भर्ती के परिणाम और टंकण परीक्षा की तारीख घोषित
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 2025 के तहत समाजशास्त्र और भूगोल विषय का प्रारंभिक परिणाम घोषित कर दिया है। समाजशास्त्र में 806 और भूगोल में 1927 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है ।
इसके साथ ही आयोग ने कंप्यूटर सहायक भर्ती की द्वितीय चरण की हिंदी टंकण परीक्षा 18 अगस्त को लखनऊ में कराने का निर्णय लिया है। वहीं दुग्धशाला विकास विभाग में उप दुग्धशाला विकास अधिकारी के छह पदों के लिए साक्षात्कार 29 और 30 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे।