Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘संसद चलो’ आंदोलन के दौरान सोमवार को राजधानी में भारी हंगामा हुआ। संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इसके बाद देर रात तक जंतर-मंतर पर बिजली कटने के बावजूद सैकड़ों प्रदर्शनकारी डटे रहे।
प्रदर्शनकारियों और केंद्र सरकार के बीच सोमवार को पहली बार सीधी बातचीत हुई। पार्टी के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। हालांकि, कॉजपा ने इस बातचीत को बेनतीजा और समय की बर्बादी बताया है। संगठन ने साफ कर दिया है कि मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस कार्रवाई में कई घायल, बिजली काटने का आरोप
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवाओं पर बर्बरता दिखाई, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। जंतर-मंतर पर देर रात मंच की बिजली सप्लाई काट दी गई। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अंधेरे में ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और वहीं डटे रहने का फैसला किया।
इससे पहले दिन में प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर संसद भवन और संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पत्थरबाजी और भगदड़ में कई सुरक्षाकर्मियों समेत प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। पुलिस ने संसद मार्ग को पूरी तरह खाली कराकर यातायात बहाल कराया।