असम में बाढ़ से स्थिति बनी गंभीर, दो और मौतों के साथ मृतकों की कुल संख्या पहुंची 100

Share

- Advertisement -

Guwahati News: असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी बेहद विकराल बनी रही। गोलाघाट और कार्बी आंगलोंग जिलों में दो और लोगों की जान जाने से कुल मौतों का आंकड़ा 100 तक पहुंच गया है। राज्य के सात जिलों में करीब 1.4 लाख लोग इस प्राकृतिक आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 456 गांव जलमग्न हैं और 11,933.46 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान हुआ है। चराईदेव, दरांग, गोलाघाट, जोरहाट, कार्बी आंगलोंग, नगांव और शिवसागर जिलों में 1.37 लाख से अधिक आबादी बाढ़ की चपेट में है।

बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान गोलाघाट जिले में हुआ है, जहां लगभग 70,000 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद शिवसागर में करीब 40,000 और जोरहाट में 16,000 से अधिक लोग संकट का सामना कर रहे हैं। गोलाघाट और नुमालीगढ़ में धनसिरी तथा श्रीभूमि में कुशियारा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

धनसिरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की हिदायत दी है। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रशासन छह जिलों में 125 राहत शिविर और राहत सामग्री वितरण केंद्र चला रहा है। इन शिविरों में वर्तमान में 49,061 लोगों को आश्रय और मदद दी जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News