New Delhi News: देश में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। इस याचिका में नारकोटिक्स मामलों की समयबद्ध जांच, तस्करों की संपत्ति जब्ती और एक समान जांच प्रोटोकॉल बनाने की मांग की गई है।
शीर्ष अदालत की विशेष पीठ करेगी मामले की सुनवाई
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इस जनहित याचिका पर सुनवाई कर सकती है। एडवोकेट अश्विनी कुमार उपाध्याय द्वारा दायर इस याचिका में देश के भीतर फैल रहे ड्रग्स माफिया नेटवर्क के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई गई है।
याचिका में केंद्र और राज्य सरकारों को एनडीपीएस मामलों में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी रिपोर्ट जमा करने के लिए एक निश्चित समय सीमा तय करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। इसका उद्देश्य जांच प्रक्रिया को तेज और अधिक प्रभावी बनाना है।
जांच और जब्ती के लिए एसओपी बनाने का अनुरोध
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि ड्रग्स की कम और मध्यम मात्रा के मामलों में तलाशी, जब्ती और नमूने एकत्र करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर बनाया जाए। इसके साथ ही एनडीपीएस मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अदालतों के गठन की आवश्यकता पर बल दिया गया है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि तलाशी, जब्ती और नमूने एकत्र करने की पूरी कार्रवाई की अनिवार्य डिजिटल रिकॉर्डिंग और वीडियोग्राफी लागू की जानी चाहिए। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अपराधियों को सजा दिलाना आसान हो जाएगा।