भारतीय क्रिकेट में चोटिल खिलाड़ियों की बाढ़, बीसीसीआई सचिव जायजा लेने जाएंगे बेंगलुरु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

Share

- Advertisement -

Bengaluru News: भारतीय क्रिकेट टीम में इस समय चोटिल खिलाड़ियों की भरमार लगी हुई है। कप्तान शुभमन गिल, बीसीसीआई और चयनकर्ता खिलाड़ियों के लगातार अनफिट होने से काफी परेशान हैं। इस वक्त भारतीय सेटअप और भविष्य की योजनाओं से जुड़े 13 अहम खिलाड़ी चोटों से जूझ रहे हैं।
सभी 13 चोटिल खिलाड़ी बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। लगातार चोटिल होने और वापसी के तुरंत बाद फिर अनफिट होने की वजह से सीओई की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थिति की समीक्षा करने बीसीसीआई सचिव खुद सीओई जाएंगे।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया जल्द ही बेंगलुरु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। वह इस दौरान सीओई के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण से पूरी स्थिति पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इस बैठक में खिलाड़ियों की रिकवरी प्रक्रिया और फिटनेस प्रोटोकॉल को और मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
वीवीएस लक्ष्मण ने बताया कि खिलाड़ियों की लगातार निगरानी के लिए ब्रोंको टेस्ट शुरू किया गया है। उन्होंने कहा, “जब कोई खिलाड़ी सीरीज का हिस्सा होता है, तब यो-यो टेस्ट नहीं किया जा सकता है। इसलिए हमने एड्रियन द्वारा तैयार किया गया ब्रोंको टेस्ट पेश किया है, ताकि फिटनेस की लगातार निगरानी की जा सके।”
चोटिल खिलाड़ियों की सूची में कई दिग्गज शामिल हैं। हार्दिक पांड्या (लेफ्ट थाई इंजरी), जसप्रीत बुमराह (पीठ में दिक्कत), नितीश कुमार रेड्डी (लेफ्ट थाई इंजरी), हर्षित राणा (राइट हैमिस्ट्रिंग), वाशिंगटन सुंदर (लेफ्ट हैमिस्ट्रिंग), साई सुदर्शन (दाएं पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन) और वरुण चक्रवर्ती (राइट हैमिस्ट्रिंग इंजरी) रिहैब कर रहे हैं।
इसके अलावा आकाश दीप (लोवर बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर), अशोक शर्मा (स्ट्रेस फ्रैक्चर), सुयष शर्मा (घुटने में इंजरी), युद्धवीर सिंह (कंधे में इंजरी), रियान पराग (राइट कलाई में इंजरी) और हिमांशू सिंह (घुटने में इंजरी) भी अनफिट हैं। इन खिलाड़ियों की अपनी एक बेहद मजबूत प्लेइंग इलेवन बन सकती है।
चोटिल खिलाड़ियों की यह प्लेइंग इलेवन किसी भी अंतरराष्ट्रीय टीम को आसानी से हराने का दम रखती है। इस टीम में साई सुदर्शन, रियान पराग, हार्दिक पांड्या (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, सुयष शर्मा, आकाश दीप, अशोक शर्मा और हर्षित राणा का नाम शामिल है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News