Delhi News: दिल्ली के शाहदरा के विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलस गए। आग मकान के अंदर ई-रिक्शा पार्किंग में लगी थी। दमकलकर्मियों ने मकान के पहले फ्लोर से छह लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो लोगों का उपचार चल रहा है, जो 10 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं।
दमकल विभाग के प्रवक्ता राजेन्द्र अटवाल ने बताया कि रविवार तड़के करीब 4:13 बजे विश्वास नगर में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर-11 स्थित मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर दमकल की एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और क्विक रिस्पांस वाहन मौके पर भेजे गए। आग करीब 60 वर्ग गज के मकान में ई-रिक्शा पार्किंग में लगी थी। मकान में ग्राउंड फ्लोर, मेजेनाइन और तीन अन्य मंजिलें थीं।
आग के दौरान मेजेनाइन फ्लोर पर फंसे छह लोगों को दमकल टीम ने बचाया। उन्हें कैट्स और पुलिस की मदद से हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। सुबह करीब 5:30 बजे अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों के करीब 10 फीसदी झुलसने की जानकारी मिली है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।