Chennai News: परिसीमन विधेयक पर विपक्षी नेताओं की मुलाकात के बावजूद डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार को समर्थन देने का अपना रुख बरकरार रखा है। चेन्नई में 29 नवंबर को हुई बैठक के बाद स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु के हितों और संवैधानिक सुरक्षा के लिए यह कदम जरूरी है, जबकि राहुल गांधी ने इसे दक्षिण भारत के लिए नुकसानदेह बताया।
चेन्नई में 29 नवंबर को हुई बैठक के बाद डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया कि परिसीमन विधेयक पर उनकी पार्टी का रुख नहीं बदलेगा और वह केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देगी। विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने संसद के विशेष सत्र में आने वाले इस विधेयक को लेकर स्टालिन को मनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने तमिलनाडु के हित को सर्वोपरि बताते हुए अपना फैसला कायम रखा।
चेन्नई स्थित स्टालिन के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित विपक्षी गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और बातचीत में स्टालिन को ‘ब्रदर स्टालिन’ कहकर संबोधित करते हुए उनसे समर्थन की अपील की, हालांकि स्टालिन अपने रुख पर अडिग रहे।
एमके स्टालिन ने क्या कहा
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए एमके स्टालिन ने कहा कि डीएमके के लिए ‘तमिलनाडु पहले’ है। उन्होंने कहा, “अगर प्रस्तावित विधेयक गिर जाता है, तो तमिलनाडु को मिलने वाले न्यूनतम सुरक्षा उपाय भी खत्म हो जाएंगे… ऐसे हालात में, इस विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। 2027 में होने वाला परिसीमन दक्षिणी राज्यों को नुकसान पहुंचाएगा… पूरे भारत से आए नेताओं के सामने भी हमारा रुख वही है – जो पहले था, जो आज है और जो हमेशा रहेगा. तमिलनाडु सबसे पहले है.”
स्टालिन ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर कोई ठोस विकल्प नहीं दिया है, इसलिए राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए विधेयक का समर्थन करने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बचता। उन्होंने बताया कि लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं।
राहुल गांधी ने जताई चिंता
मुलाकात के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “थिरु स्टालिन जी के साथ हमारी बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई. हमने उनके सामने अपना पक्ष रखा. हमारा मानना है कि परिसीमन के जरिए 850 सीटों वाली संसद बनाना और BJP को इन 850 सीटों का स्वरूप तय करने की छूट देना – जिससे भारत में चुनाव क्षेत्रों का स्वरूप ही बदल जाएगा – न केवल पूरे भारत के लिए, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है… हमने भाई स्टालिन से – जो तमिलनाडु के प्रबल रक्षक हैं – आग्रह किया कि वे तमिलनाडु की रक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि BJP की यह कुटिल योजना सफल न हो पाए… अगर BJP 850 सीटों वाली लोकसभा का स्वरूप तय करती है, तो भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा.”