London News: ब्रिटेन में पुलिस अधिकारियों के लिए जारी नेशनल फेथ टूलकिट की नई गाइडलाइन को लेकर राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। इसमें मुस्लिम घरों और मस्जिदों में जाते समय धार्मिक परंपराओं का सम्मान करने की सलाह दी गई है। विपक्षी नेताओं ने इसे दोहरे मापदंड का संकेत बताया है, जबकि एनपीसीसी ने कानून को सर्वोपरि बताते हुए सफाई दी है।
ब्रिटेन में पुलिस अधिकारियों के लिए जारी नेशनल पुलिस चीफ्स काउंसिल (एनपीसीसी) के नेशनल फेथ टूलकिट की एक गाइडलाइन पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। इस गाइडलाइन में पुलिसकर्मियों को मुस्लिम घरों और मस्जिदों में जाते समय धार्मिक परंपराओं का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि पुलिस सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार करने के बजाय कुछ समुदायों को खास रियायत दे रही है। ब्रिटेन की आबादी में मुस्लिम समुदाय की हिस्सेदारी करीब 6.5 फीसदी है।
गाइडलाइन में क्या सलाह दी गई है
गाइडलाइन के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों को मुस्लिम घरों और धार्मिक स्थलों में जाते समय अपने कपड़ों और व्यवहार का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें मस्जिद में प्रवेश से पहले जूते उतारने या ढकने, नमाज के दौरान शांति बनाए रखने और धार्मिक जगहों पर पुलिस के कुत्तों को ले जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा धार्मिक इमारतों में महिलाओं और पुरुषों के लिए तय अलग-अलग हिस्सों का सम्मान करने को कहा गया है। विपरीत लिंग के लोगों से बातचीत या शारीरिक संपर्क के दौरान सांस्कृतिक संवेदनशीलता का ध्यान रखने की बात भी कही गई है। कुछ स्थितियों में महिला से बातचीत के लिए महिला पुलिसकर्मी और पुरुष से बातचीत के लिए पुरुष पुलिसकर्मी तैनात करने का सुझाव दिया गया है।
टूलकिट में मौत के बाद होने वाली मेडिकल जांच का भी जिक्र है। इसमें कहा गया है कि यदि किसी मुस्लिम महिला का पोस्टमॉर्टम पुरुष मेडिकल अधिकारी कर रहे हों, तो उनके पुरुष रिश्तेदार को वहां मौजूद रहने की अनुमति देने पर विचार किया जाना चाहिए।
निगेल फराज और क्रिस फिलिप की आपत्ति
रिफॉर्म यूके के नेता निगेल फराज ने इस गाइडलाइन की आलोचना की है। उन्होंने द टेलीग्राफ से कहा कि यह पुलिस व्यवस्था में दो तरह के नियम होने का संकेत देती है। फराज के अनुसार, पुलिस को किसी खास समुदाय को खुश करने के लिए अपने सामान्य नियमों से पीछे नहीं हटना चाहिए और उन्होंने एनपीसीसी से गाइडलाइन वापस लेने की मांग की है।
ब्रिटिश राजनेता क्रिस फिलिप ने भी इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस को हर व्यक्ति के साथ उसके धर्म और त्वचा के रंग से परे समान व्यवहार करना चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसे निर्देश पुलिस व्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
एनपीसीसी की सफाई
विवाद बढ़ने पर एनपीसीसी ने कहा कि इस टूलकिट का उद्देश्य ब्रिटेन की विविध आबादी को बेहतर ढंग से समझना और समुदायों के साथ पुलिस का संवाद मजबूत करना है। द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, संस्था के प्रवक्ता ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं कानून या पुलिस की जिम्मेदारियों से ऊपर नहीं हैं।
एनपीसीसी के अनुसार, इस टूलकिट को तैयार करने में कई संगठनों से सुझाव लिए गए थे। इनमें क्रिश्चियन पुलिस एसोसिएशन, नेशनल सिख पुलिस एसोसिएशन, नेशनल एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम पुलिस, नेशनल एलजीबीटी+ पुलिस नेटवर्क और ब्रिटिश एसोसिएशन फॉर विमेन इन पुलिसिंग शामिल हैं।