Jalpaiguri News: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल के संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के बाद कंपनी के खिलाफ एक और मुकदमे की मंजूरी दे दी है। प्राथमिक और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूने में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की है।
सूत्रों के अनुसार, ताजा मामले में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का आधिकारिक नमूना असुरक्षित पाया गया। यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित संयंत्र से लिया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। एफएसएसएआई ने 12 अगस्त, 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी।
एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। नियामक के अनुसार, नमूना निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया।
गोवा मामले में भी कार्रवाई
इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने गोवा स्थित कंपनी के एक अन्य संयंत्र से लिए गए नमूने के जांच में विफल रहने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी। नियामक के अनुसार, नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा के मानकों पर खरा नहीं उतरा। कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया गया।
वहीं, बिसलेरी ने सोमवार को दावा किया कि उसका उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि वह इस मामले के समाधान के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करेगी।