Kangra News: पालमपुर पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता मिली है। पुलिस ने उपमंडल के लोहना क्षेत्र में देर रात एक किराए के मकान में छापेमारी कर पंजाब के दो युवकों को 28.65 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पालमपुर की टीम को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि लोहना क्षेत्र में एक किराए के कमरे की आड़ में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित ठिकाने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान कमरे में दो युवक मौजूद मिले। पुलिस ने दोनों को काबू कर नियमानुसार तलाशी और पूछताछ की तो उनके कब्जे से 28.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान और मामला
गिरफ्तार युवक पंजाब के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान जोश (21) निवासी धारीवाल, जिला गुरदासपुर और राजवीर (18) निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस थाना पालमपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नेटवर्क की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से खरीदकर लाए थे और पालमपुर में इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी लोहना में कितने समय से किराए के कमरे में रह रहे थे और इस कारोबार में अन्य किन-किन लोगों की संलिप्तता है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।