New Delhi News: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में आयोजित हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) के मंत्रिस्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए तटीय देशों से सार्थक सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और संपर्क के लिए हिंद महासागर के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बदलते भू-राजनीतिक दौर में संगठन को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करनी चाहिए।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 27 नवंबर को हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) के मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और संपर्क के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के सभी तटीय देशों को अपने लोगों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर ‘सार्थक सहयोग’ की दिशा में काम करना चाहिए।
भारत ने आईओआरए के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में नई दिल्ली में इस सम्मेलन की मेजबानी की। इस संगठन में ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, तंजानिया, मोजाम्बिक, सोमालिया, ओमान, यमन, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड सहित 23 देश शामिल हैं।
‘महासागर’ दृष्टिकोण और प्राथमिकताएं
जयशंकर ने कहा कि आईओआरए के प्रति भारत का दृष्टिकोण और संगठन की अध्यक्षता के दौरान भारत की प्राथमिकताएं ‘महासागर’ दृष्टिकोण से निर्देशित हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल मार्च में मॉरीशस की यात्रा के दौरान ग्लोबल साउथ के साथ भारत के जुड़ाव के लिए इस दृष्टिकोण की घोषणा की थी।
‘महासागर’ का पूरा नाम ‘म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन’ (विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) है।
सामूहिक आवाज और व्यावहारिक सहयोग पर जोर
विदेश मंत्री ने बताया कि आईओआरए के लिए भारत की थीम ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ है। यह थीम इस विश्वास को दर्शाती है कि संगठन को विभिन्न चुनौतियों के प्रति संवेदनशील और उनके अनुरूप ढलने में सक्षम बने रहना चाहिए।
जयशंकर ने कहा कि महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में आईओआरए को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करनी चाहिए और एक क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को सशक्त बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद साझेदारों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक सहयोग पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।
आईओआरए जनरल बैठक में जयशंकर ने कहा कि बदलती वैश्विक व्यवस्था में दुनिया का ध्यान संघर्षों, तनाव और व्यवधानों पर है, लेकिन वैश्वीकरण, परस्पर निर्भरता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के सकारात्मक पहलुओं को भी समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।