Delhi News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाली आरोपी रुचिका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर देश से माफी मांगी है। इंटरनेट पर वायरल वीडियो में वह हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करती दिख रही हैं।
15 वर्षीय रुचिका सिंह ने वीडियो संदेश में कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने के बाद जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। वहां मौजूद लोगों से प्रभावित होकर उन्होंने नारेबाजी की। उन्होंने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए कहा कि वह अपने इस कृत्य के लिए बेहद शर्मिंदा हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने आरोपी छात्रों को माफ करने का दिया संदेश
छात्रा का यह माफीनामा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वीडियो संदेश के कुछ घंटों बाद आया, जिसमें उन्होंने विरोध प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले छात्रों को माफ करने की बात कही थी। पीएम मोदी ने समाज से अपील की कि इन युवाओं को सजा देने के बजाय सही रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके और उनकी दिवंगत मां के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द बहुत परेशान करने वाले थे, लेकिन युवाओं को अपनी गलतियों से सीखने का अवसर मिलना चाहिए। इस बीच मामले में दर्ज कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी दिल्ली पुलिस द्वारा तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
नोएडा में दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर, दिल्ली पुलिस करेगी जांच
इससे पहले 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में इस संबंध में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि टिप्पणियां संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने और शांति भंग करने के इरादे से की गई थीं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
मामले को आगे की जांच के लिए दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया है। आरोपी छात्रा नोएडा स्थित अपनी सोसाइटी से फिलहाल अनुपस्थित है, जहां पुलिस ने पूछताछ की है। वहीं प्रदर्शन आयोजकों ने आपराधिक मुकदमा दर्ज करने का विरोध करते हुए इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रभाव बताया है।