New Delhi News: भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल विश्वनाथ शर्मा (रिटायर्ड) का शुक्रवार को 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे 30 जून 1988 से 30 जून 1990 तक भारतीय थल सेनाध्यक्ष रहे थे। उनके निधन पर रक्षा मंत्रालय और सेना ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका
जनरल शर्मा ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लाहौर सेक्टर में मेजर के रूप में हिस्सा लिया था। अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण आर्मर्ड रेजिमेंट की कमान संभाली और ट्रेनिंग से जुड़े कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
परम विशिष्ट सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल से हुए सम्मानित
उग्रवाद प्रभावित इलाकों और राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों में माउंटेन ब्रिगेड की कमान संभालने पर उन्हें ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ मिला। बाद में लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर रहते हुए उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें ‘परम विशिष्ट सेवा मेडल’ से भी नवाजा गया।
प्रतिष्ठित सैन्य परिवार से था ताल्लुक, 1950 में सेना में हुए थे कमीशन
4 जून 1930 को जन्मे जनरल शर्मा एक ऐसे सैन्य परिवार से थे, जिसने देश को तीन जनरल दिए। देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी से पढ़ाई पूरी करने के बाद 4 जून 1950 को उन्हें 16 लाइट कैवेलरी में कमीशन मिला था।