बिना एक बूंद तेल के बनाएं फूली-फूली और कुरकुरी पूड़ियां, हार्ट स्पेशलिस्ट ने बताया आसान तरीका

Share

- Advertisement -

National News: गरमा-गरम पूड़ी हर किसी को पसंद होती है, लेकिन इसमें भरा तेल सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, खासकर हार्ट के मरीजों के लिए। अब हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ बिमल ने बिना तेल के फूली-फूली और कुरकुरी पूड़ी बनाने का आसान तरीका बताया है। इसमें पूड़ी को पानी में उबालकर माइक्रोवेव या एयर फ्रायर में पकाया जाता है।

पूड़ी का साथ छोले और सूखी सब्जी से हो तो खाने का मजा और बढ़ जाता है। लेकिन पूड़ी जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही भारी भी मानी जाती है, क्योंकि इसे तलने में काफी तेल लगता है। सिर्फ एक पूड़ी में ही इतना तेल होता है कि दूसरी खाने से पहले सोचना पड़ता है। हार्ट के मरीजों को तो पूड़ी खाने से पूरी तरह परहेज करने की सलाह दी जाती है। फिर भी कभी-कभार गरमा-गरम पूड़ी खाने का मन कर ही जाता है। ऐसे में यह जीरो ऑयल तरीका काम आ सकता है।

हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ बिमल ने बिना तेल के पूड़ी बनाने का तरीका साझा किया है। इस तरीके से पूड़ी एकदम फूली-फूली बनकर तैयार होती है। चूंकि इसमें तेल का इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए आप इसे जी भरकर खा सकते हैं।

बिना तेल की पूड़ी के लिए सामग्री

गेहूं का आटा एक कटोरी, नमक आधा चम्मच और गूंथने के लिए पानी चाहिए। सामग्री बस इतनी ही है।

स्टेप 1 – आटा गूंथकर तैयार करें

सबसे पहले एक परात में गेहूं का आटा लें। इसमें स्वाद के अनुसार नमक मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें। पूड़ी का आटा रोटी के आटे से थोड़ा सख्त ही रखा जाता है। अब आटे को गीले कपड़े से ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें, ताकि वह सेट हो जाए।

स्टेप 2 – पूड़ी बेलकर तैयार करें

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें बेलकर पूड़ी का आकार दें। ध्यान रखें कि पूड़ी बहुत ज्यादा पतली न हो, वरना वह अच्छे से फूल नहीं पाएगी। जितनी पूड़ियां बनानी हैं, उन्हें एक बार में बेलकर तैयार कर लें।

स्टेप 3 – पानी में उबालकर निकालें कच्चापन

एक बड़े बर्तन या कड़ाही में पानी गर्म करें। जैसे ही पानी में उबाल आने लगे, उसमें पूड़ी डालें और 20 सेकंड के लिए रहने दें। इससे आटे का कच्चापन निकल जाएगा। ध्यान रहे कि एक बार में एक ही पूड़ी बर्तन में डालें, ताकि वे आपस में चिपके नहीं।

स्टेप 4 – पूड़ी को माइक्रोवेव में पकाएं

अब पानी में उबली हुई पूड़ियों को माइक्रोवेव सेफ प्लेट में रखें। इन्हें माइक्रोवेव में 200 डिग्री सेल्सियस तापमान पर तब तक पकाएं, जब तक ये फूलकर कुरकुरी न हो जाएं। बीच-बीच में देखते रहें, ताकि पूड़ियां जलें नहीं और ज्यादा सख्त भी न हों।

एयर फ्रायर भी इस्तेमाल कर सकते हैं

जीरो ऑयल पूड़ी बनाने के लिए माइक्रोवेव की जगह एयर फ्रायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके लिए एयर फ्रायर को 180 डिग्री सेल्सियस पर दस मिनट के लिए पहले से गर्म कर लें। अब इसमें पूड़ी डालें। लगभग 4 से 5 मिनट में पूड़ी बनकर तैयार हो जाएगी।

क्या बिल्कुल नॉर्मल पूड़ी जैसा स्वाद आएगा?

बिना तेल वाली पूड़ी का टेक्सचर नॉर्मल पूड़ी से थोड़ा अलग हो सकता है, इसलिए इनका स्वाद भी अलग लग सकता है। हालांकि ये काफी कुरकुरी बनकर तैयार होती हैं। बिना तेल के पूड़ी का मजा लेना चाहते हैं, तो यह तरीका एक बार आजमाकर देखना बनता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News